Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation Protests: छत्रपती संभाजीनगर महापालिका मुख्यालय के सामने दिव्यांगों का धरना गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। मनपा आयुक्त अमोल येडगे से मुलाकात की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार खोलकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। इससे कुछ देर के लिए प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
आंदोलनकारियों ने बाहर से मुख्य गेट को धक्का दिया, जबकि अंदर तैनात 30 से 40 सुरक्षाकर्मियों ने गेट को मजबूती से पकड़े रखा। इस दौरान दोनों ओर से धक्का-मुक्की हुई। इसमें कुछ सुरक्षाकर्मियों के हाथों पर खरोंचें भी आईं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मनपा मुख्यालय के अन्य प्रवेश द्वार भी बंद कर दिए।
छत्रपती संभाजीनगर महापालिका मुख्यालय में प्रवेश का प्रयास किए जाने के बाद सुरक्षाव्यवस्था बढ़ा दी गई। अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को मुख्य द्वार पर तैनात किया गया।
मुख्यालय के सामने दिव्यांगों का धरना गुरुवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे बातचीत कर आंदोलन समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन आयुक्त से मुलाकात होने तक पीछे हटने से उन्होंने इनकार कर दिया।
छत्रपती संभाजीनगर महापालिका मुख्यालय के सुरक्षाव्यवस्था बढ़ाए जाने से मनपा के कामकाज के लिए पहुंचे नागरिकों को प्रवेश में परेशानी हुई। महापालिका मुख्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों की आवाजाही पर भी कुछ समय के लिए असर पड़ा। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।