Manoj Jarange Patil Radhakrishna Vikhe Patil Meeting: मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील एक बार फिर अनशन आंदोलन की तैयारी में हैं। सरकार की भूमिका को लेकर नाराज जरांगे पाटील से स्वयं मुलाकात कर उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
यह जानकारी राज्य के जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील ने दी। तिरंगा यात्रा के लिए शहर पहुंचे विखे पाटील ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
मनोज जरांगे पाटील का कहना है कि सरकार ने मराठा समाज को धोखा दिया है। इस पर विखे पाटील ने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर जरांगे पाटील के मन में कुछ आशंकाएं हैं। हालांकि, वास्तविक स्थिति ऐसी नहीं है।
सरकार ने कई निर्णय लिए हैं और कुछ निर्णयों को लागू करने की प्रक्रिया जारी है। वे स्वयं जरांगे पाटील से मिलकर सरकार की भूमिका स्पष्ट करेंगे और उनके मन की शंकाएं दूर करने का प्रयास करेंगे।
राधाकृष्ण विखे पाटील ने स्पष्ट किया कि जाति जांच समिति एक स्वतंत्र संस्था है और उसके कामकाज में राजस्व मंत्री का कोई हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने कहा कि समिति अपने नियमों और प्रक्रिया के अनुसार कार्य करती है। मुख्यमंत्री भी समिति को सीधे किसी तरह का आदेश नहीं दे सकते।
विखे पाटील ने कहा कि मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को लेकर मनोज जरांगे पाटील के मन में यदि कोई गलतफहमी या आशंका है, तो उसे बातचीत के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की वास्तविक भूमिका स्पष्ट कर मराठा समाज से जुड़े मुद्दों पर बनी शंकाओं को दूर किया जाएगा।
दाते पाटील के अनशन पर उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण का मामला सरकार सर्वोच्च न्यायालय तक ले गई है। आरक्षण की 50 प्रतिशत सीमा के आगे जाने में कानूनी अड़चनें हैं। हालांकि, मराठा समाज को आरक्षण का लाभ मिल रहा है।