संभाजीनगर मनपा ने PM स्वनिधि योजना से 65,091 पथ विक्रेताओं को लाभ पहुंचाया।
मनपा ने तीन चरणों में कुल 100.38 करोड़ रुपये का कर्ज सफलतापूर्वक वितरित किया।
इस रिकॉर्ड प्रदर्शन के लिए मनपा आयुक्त अमोल येडगे का दिल्ली में सम्मान होगा।
Sambhajinagar Municipal Corporation Street Vendors Loan Scheme: छत्रपति संभाजीनगर छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री स्व निधि योजना के तहत शहर के 65 हजार 91 पथ विक्रेताओं को तीन चरणों में 100।38 करोड़ रुपये का कर्ज वितरित किया गया है।
निर्धारित लक्ष्य से लगभग दोगुना प्रदर्शन करने वाली मनपा को अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। कल शुक्रवार, 20 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में मनपा आयुक्त अमोल येडगे का भी सम्मान होगा।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर प्रदर्शन के लिए छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के साथ परभणी महानगरपालिका और परली नगर परिषद को भी दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। छोटे कारोबारियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के प्रयासों की यह राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। छत्रपति संभाजीनगर मनपा की उपलब्धि इसलिए विशेष है, क्योंकि उसने निर्धारित लक्ष्य से लगभग दोगुना प्रदर्शन किया है।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने बताया कि शहर में हजारों लोग ठेले, छोटी दुकानों और फुटपाथ पर कारोबार करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित पूंजी के कारण इन कारोबारियों को व्यापार बढ़ाने और आर्थिक जरूरतें पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रधानमंत्री स्व निधि योजना ने ऐसे छोटे कारोबारियों को बैंक से कर्ज लेकर अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है।
कोरोना महामारी के दौरान छोटे कारोबारियों की आजीविका पर सबसे अधिक असर पड़ा था। कारोबार बंद होने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी। रोज कमाकर परिवार चलाने वाले पथ विक्रेताओं के सामने पूंजी का संकट खड़ा हो गया था। ऐसी स्थिति से उबरने और उनका कारोबार दोबारा शुरू कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्व निधि योजना शुरू की थी। इसके माध्यम से पात्र पथ विक्रेताओं को बिना बड़ी जमानत के बैंक से कर्ज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा के आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में 47 हजार 950 लाभार्थियों को 53.11 करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया। दूसरे चरण में 13 हजार 853 पथ विक्रेताओं को 30.53 करोड़ रुपये वितरित किए गए। वहीं तीसरे चरण में 3 हजार 288 लाभार्थियों को 16.74 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस तरह कुल 65 हजार 91 पथ विक्रेताओं तक 100.38 करोड़ रुपये पहुंचाए गए। इनमें से 27 हजार 589 लाभार्थियों ने कर्ज की अदायगी भी कर दी है।
मनपा के आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में 47 हजार 950 लाभार्थियों को 53.11 करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया। दूसरे चरण में 13 हजार 853 पथ विक्रेताओं को 30.53 करोड़ रुपये वितरित किए गए। वहीं तीसरे चरण में 3 हजार 288 लाभार्थियों को 16.74 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस तरह कुल 65 हजार 91 पथ विक्रेताओं तक 100.38 करोड़ रुपये पहुंचाए गए। इनमें से 27 हजार 589 लाभार्थियों ने कर्ज की अदायगी भी कर दी है।
योजना का असर केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से छोटे कारोबारियों को आधुनिक बैंकिंग और डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने में भी सफलता मिली है। शहर के 38 हजार 610 लाभार्थियों ने डिजिटल माध्यम से लेनदेन किया है। इससे छोटे व्यापारियों में नकद के साथ डिजिटल भुगतान अपनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है।
योजना के क्रियान्वयन के लिए मनपा ने पथ विक्रेताओं का ऑनलाइन सर्वेक्षण कर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया। भारतीय स्टेट बैंक सहित अन्य बैंकों ने कर्ज वितरण में सहयोग दिया। मनपा अधिकारियों और संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने भी लगातार प्रयास किए। आयुक्त अमोल येडगे ने इस उपलब्धि का श्रेय बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और मनपा के संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों को दिया है।