धुले-सोलापुर हाईवे के करोडी स्थित होटल निसर्ग में अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़।
छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच ने 5 दलालों को गिरफ्तार किया।
नकदी व मोबाइल समेत ₹56,200 का माल जब्त किया।
5 स्थानीय व विदेशी महिलाओं को महिला सहायता केंद्र भेजा गया।
Chhatrapati Sambhajinagar Hotel Nisarg Sex Racket Busted: छत्रपति संभाजीनगर में होटल की आड़ में चल रहे देह व्यापार का अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है। धुले-सोलापुर मार्ग पर करोडी स्थित होटल निसर्ग में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पांच पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने नकदी, मोबाइल और अन्य सामग्री सहित 56 हजार 200 रुपये का सामान जब्त किया।
छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि होटल निसर्ग में अवैध देह व्यापार चल रहा है। आरोपियों द्वारा स्थानीय और विदेशी महिलाओं को प्रलोभन देकर ग्राहकों के पास भेजा जाता था। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश से टीम ने छापा मारा। जांच में पुष्टि होने पर पांच महिलाओं को मुक्त कराया गया।
छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में तीन महाराष्ट्र के निवासी, एक उत्तर प्रदेश और एक कर्नाटक निवासी है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश निवासी आदित्य सुनीलकुमार पांडे, ठाणे जिले के कल्याण निवासी रवि काशीनाथ फोक, बीड जिले के गेवराई निवासी संजय बंसी जाधव, छत्रपति संभाजीनगर निवासी कमलेश भालचंद्र और कर्नाटक निवासी देवदास मुन्सी राठौड़ शामिल हैं।
धुले-सोलापुर मार्ग पर छत्रपति संभाजीनगर के करोडी स्थित होटल निसर्ग में छापेमारी की कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन कल्याणकर और पुलिस उपनिरीक्षक जगन्नाथ मेनकुदले के नेतृत्व में हुई। टीम में मनोज अकोले, विलास कोतकर, विठ्ठल मानकापे, शैलेश आसकर, वाडीलाल जाधव, दिनेश कुमार राठौड़, विशाल सोनवणे, मनोहर गिते तथा महिला पुलिसकर्मी पूजा भोसले, पूजा इंगले और वैष्णवी जटाले शामिल थीं।
पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, उपायुक्त शशिकांत सातव और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) पुनम पाटील के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(5) के तहत दौलताबाद थाने में मामला दर्ज किया गया। साथ ही मुक्त कराई गई महिलाओं को सहायता केंद्र भेजा गया।