मणिपुर में शहीद हुए महाराष्ट्र के लाल जयेश माली पंचतत्व में विलीन, धुले जिले के रामी गांव में उमड़ा जनसैलाब

Dhule Martyr Jayesh Mali: मणिपुर में सैन्य वाहन हादसे में शहीद हुए महाराष्ट्र के धुले जिले के 25 वर्षीय जवान जयेश माली का रामी गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
Dhule Martyr Jayesh Mali
शहीद जवान जयेश हिम्मत माली का धुले जिले के पैतृक गांव रामी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कारफोटो नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मणिपुर के उखरूल में सैन्य वाहन हादसे में धुले के 25 वर्षीय जवान जयेश हिम्मत माली शहीद

  • धुले जिले के पैतृक गांव रामी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

  • विधायक राम भदाणे ने रामी गांव में शहीद जयेश माली का स्मारक बनाने की घोषणा की

Soldier Jayesh Himmat Mali Funeral: जिस बेटे को गांव ने देश की सेवा के लिए गर्व से सेना में विदा किया था, शनिवार को उसी बेटे को अंतिम विदाई देते समय धुले जिले का पूरा रामी गांव गमगीन हो गया। मणिपुर में सैन्य वाहन हादसे में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय जवान जयेश हिम्मत माली का पार्थिव शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव रामी पहुंचा। सैन्य सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में हजारों लोगों ने नम आंखों से वीरपुत्र को आखिरी सलाम किया। सैन्य जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। माता-पिता के जवान बेटे को खोने के दर्द ने हर किसी को भावुक कर दिया।

मणिपुर में सैन्य वाहन हादसे में शहीद हुए जयेश माली

भारतीय सेना के 357 फील्ड हॉस्पिटल में सिपाही (नर्सिंग असिस्टेंट) के पद पर कार्यरत जयेश ने दो साल छह महीने तक देश की सेवा की। 18 नवंबर 2026 को मणिपुर के उखरूल पूर्व क्षेत्र के चालाऊ में ड्यूटी के दौरान सैन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में उन्हें वीरगति प्राप्त हुई। महज 25 साल की उम्र में उनका इस तरह चले जाना परिवार के साथ पूरे धुले जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।

Dhule Martyr Jayesh Mali
महाराष्ट्र का सबसे ठंडा शहर बना धुले, पारा लुढ़ककर 6.3°C पर पहुंचा; मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों की संख्या घटी

रामी गांव में शहीद के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

धुले जिले के रामी गांव में शहीद जवान जयेश माली के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, नागरिक और जनप्रतिनिधि पहुंचे। महाराष्ट्र बटालियन के कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त मेजर डॉ. नीलेश पाटील, विधायक राम भदाणे, पूर्व विधायक कुणाल पाटील, शरद पाटील, रावसाहेब गिरासे, सुभाष देवरे, धरती देवरे और तहसीलदार अरुण शेवाले सहित कई अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

देश जयेश का बलिदान नहीं भूलेगा : रावल

पालकमंत्री जयकुमार रावल ने ऑडियो संदेश के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 25 वर्ष की उम्र में मातृभूमि की सेवा करते हुए जयेश ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका योगदान महाराष्ट्र और देश हमेशा याद रखेगा। दुख की इस घड़ी में पूरा जिला माली परिवार के साथ खड़ा है।

Dhule Martyr Jayesh Mali
महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण, समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज

एक साल में बनेगा जयेश माली का प्रेरणादायी स्मारक

धुले ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक राम भदाणे ने घोषणा की कि रामी में एक साल के भीतर जयेश माली का प्रेरणादायी स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयेश बचपन से ही सेना में जाकर देशसेवा करना चाहता था। उसने अपना सपना पूरा किया। उसका बलिदान केवल माली परिवार का नहीं, बल्कि पूरे रामी गांव और धुले ग्रामीण क्षेत्र का है। स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करेगा।

- नवभारत लाइव के लिए धुले से वाहिद काकर की रिपोर्ट