देवलाई-धुले-सोलापुर सड़क चौड़ीकरण के लिए छत्रपति संभाजीनगर मनपा का एक्शन, 15 संपत्तियों पर चली JCB

Sambhajinagar Municipal Action: देवलाई चौक-धुले-सोलापुर मार्ग के निर्माण में बाधा बनी 15 संपत्तियों पर मनपा ने कार्रवाई की। दो तीन मंजिला इमारतों पर भी कार्रवाई कर सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ किया।
Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Action
अतिक्रमण पर चला मनपा का बुलडोजर(फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Action: देवलाई चौक से धुले-सोलापुर राजमार्ग को जोड़ने वाले 24 मीटर चौड़े मार्ग के निर्माण में आ रहे अवरोधों को हटाने के लिए महानगरपालिका ने बुधवार को 15 और संपत्तियों पर कार्रवाई की।

इनमें तीन मंजिला दो इमारतें भी शामिल थीं। एक इमारत को पूरी तरह गिरा दिया गया, जबकि दूसरी इमारत का सड़क की सीमा में आने वाला हिस्सा मशीनों की मदद से हटाया गया। कार्रवाई शुरू होने के बाद कुछ संपत्ति मालिकों ने स्वयं ही सड़क से बाधित निर्माण हटाकर मनपा का सहयोग किया।

पहले दिन 12 संपत्तियों पर कार्रवाई

देवलाई चौक से आगे धुले-सोलापुर मार्ग तक जाने वाले इस 24 मीटर चौड़े रास्ते का सीमेंट कांक्रीटीकरण कार्य चल रहा है। देवलाई गांव क्षेत्र में कई संपत्तियों के सड़क की सीमा में आने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।

इसे देखते हुए मनपा ने मंगलवार से अतिक्रमण और बाधित निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। पहले दिन 12 संपत्तियों के अवरोध हटाए गए। इसके बाद बुधवार को शेष 15 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

तीन मंजिला इमारत बनी थीं बड़ी बाधा

सड़क के एक ओर स्थित तीन मंजिला दो इमारतें निर्माण कार्य में प्रमुख बाधा बनी हुई थीं। छत्रपति संभाजीनगर मनपा के अतिक्रमण हटाव दल ने इनमें से एक इमारत को पूरी तरह धराशायी कर दिया। वहीं दूसरी इमारत का केवल सड़क की सीमा में आने वाला हिस्सा जेसीबी और पोकलेन मशीन की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ संपत्ति मालिकों ने स्वयं अपने बाधित निर्माण को हटाना शुरू कर दिया। इससे कई स्थानों पर कार्रवाई अपेक्षाकृत तेजी से पूरी हुई।

धार्मिक स्थलों का बाधित हिस्सा भी हटेगा

सड़क चौड़ीकरण के अगले चरण में दो धार्मिक स्थलों का कुछ हिस्सा भी सड़क की सीमा में आ रहा है। संबंधित नागरिकों ने भी इन हिस्सों को स्वयं हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सहायक आयुक्त संजय सुरडकर ने बताया कि गुरुवार, 13 अगस्त को पांच से छह और निर्माणों पर कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण हटाव दल की कार्रवाई

यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाव विभाग के नियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले के नेतृत्व में की गई। अभियान में प्रभाग आठ के सहायक आयुक्त भारत बिरारे, कदम, भवन निरीक्षक कुणाल भोसले तथा नागरिक मित्र दल के कर्मचारी शामिल थे। मनपा का उद्देश्य सड़क की निर्धारित चौड़ाई में आ रहे सभी अवरोध हटाकर निर्माण कार्य को गति देना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com