आरोपी पर खेत बेचने का झांसा देकर ₹18.90 लाख ठगने का आरोप है।
मंगलवार रात करीब 8:30 बजे रेलवे फाटक क्रमांक 56 के पास हुई घटना।
पत्नी, बेटे और बेटी पर भी पुलिसकर्मियों से मारपीट और हमला करने का आरोप।
Sambhajinagar Land Fraud Case Arrest: छत्रपति संभाजीनगर जिले में जमीन के नाम पर 18.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को मुकुंद नगर में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर लोहे की कुदाल से हमला करने का प्रयास किया, जबकि उसके परिवार के सदस्यों ने पत्थर और लकड़ी के डंडों से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया।
इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर आरोपी अर्जुन उर्फ बंडू तांबे और उसके बेटे सोपान को हिरासत में लिया। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे रेलवे फाटक क्रमांक 56 के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर के पुंडलिक नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में अर्जुन उर्फ बंडू सखाराम तांबे फरार था। उस पर खेत बेचने का झांसा देकर नकली जमीन मालिक और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से एक परिवार से 18 लाख 90 हजार रुपये ठगने का आरोप है। उसकी तलाश में अपराध शाखा के उपनिरीक्षक अर्जुन कदम के नेतृत्व में विशेष दल सक्रिय था।
मंगलवार रात आरोपी के मुकुंद नगर स्थित घर पर होने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी श्रीकांत काले और गीते को वहां भेजा गया। दोनों ने घर के बाहर मिले अर्जुन को अपनी पहचान बताकर हिरासत में लेने की जानकारी दी। लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और काले को धक्का दिया। इसके बाद उसने लोहे की कुदाल से हमला करने का प्रयास किया। काले ने वार बचाया और गीते ने कुदाल छीन ली।
शोर सुनकर आरोपी की पत्नी सुरेखा, बेटा सोपान और बेटी उमा बाहर आ गए। सोपान ने लकड़ी के डंडे से गीते की पीठ पर वार किया, जबकि सुरेखा ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंका। बेटी उमा ने महिला पुलिसकर्मी वैष्णवी जटाले का हाथ मरोड़कर धक्का-मुक्की की और नाखूनों से खरोंचकर घायल कर दिया।
हालात बिगड़ते देख उपनिरीक्षक कदम ने वरिष्ठ अधिकारियों से अतिरिक्त बल मांगा। इसके बाद मुकुंद वाड़ी के निरीक्षक सोनवणे, उपनिरीक्षक पाथरकर और अपराध शाखा के निरीक्षक कल्याणकर पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त बल की सहायता से पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर अर्जुन और सोपान को हिरासत में लिया।
हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए, श्रीकांत काले और गीते के कपड़े फट गए, जबकि अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आईं। महिला पुलिसकर्मी वैष्णवी जटाले को भी खरोंचों से चोट पहुंची। काले की शिकायत पर अर्जुन, उसकी पत्नी सुरेखा, बेटे सोपान और बेटी उमा के खिलाफ मुकुंदवाड़ी थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 109(1), 132, 121(1), 296, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।