Chandrapur Crime News 16000 Wage Dispute Murder: चंद्रपुर जिले के भद्रावती के नागमंदिर चौक पर 40 वर्षीय उमदेव मेश्राम की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रेयस पुल्ली समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हत्या के पीछे 16 हजार रुपए की मजदूरी को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
चंद्रपुर शहर के नागमंदिर चौक में मर्डर
चंद्रपुर शहर के नागमंदिर चौक में बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे 40 वर्षीय उमदेव भावराव मेश्राम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक पुलिस जांच में हत्या के पीछे 16 हजार रुपए की मजदूरी को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। इस मामले में भद्रावती पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रेयस पुल्ली समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो साल से चल रहा था मजदूरी का विवाद
पुलिस के अनुसार, उमदेव मेश्राम के पास श्रेयस पुल्ली मजदूरी का काम करता था। काम पूरा होने के बाद श्रेयस ने अपनी 16 हजार रुपए की मजदूरी उमदेव से मांगी थी। बताया जा रहा है कि उमदेव ने पैसे बाद में देने की बात कही थी। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच करीब दो वर्षों से विवाद चल रहा था।
घटना से करीब दो दिन पहले भी श्रेयस के उमदेव के घर पहुंचकर मजदूरी के पैसे मांगने की बात सामने आई है। आरोप है कि उस समय पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
नागमंदिर चौक पर रास्ता रोककर किया हमला
मृतक उमदेव मेश्राम मूल रूप से देऊरवाड़ा निवासी थे और वर्तमान में शिवाजीनगर स्थित प्रज्ञा वाचनालय के पास रह रहे थे। बुधवार सुबह वह मोटरसाइकिल से काम के लिए निकले थे।चंद्रपुर भद्रावती शहर के नागमंदिर चौक में इसी दौरान नागमंदिर चौक पर आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, मजदूरी के पैसों को लेकर उमदेव और आरोपियों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी श्रेयस पुल्ली ने धारदार हथियार से उमदेव की गर्दन पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उमदेव की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्य आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही भद्रावती पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। पुलिस उपअधीक्षक ईश्वर कातकाडे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष बादनकर तथा प्रभारी थानेदार सचिन खेत्रे के मार्गदर्शन में पुलिस की विभिन्न टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने फरार हुए मुख्य आरोपी श्रेयस पुल्ली का पीछा कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वैभव पुल्ली और प्रकाश अण्णा पुल्ली को भी हिरासत में लिया गया। तीनों से हत्या के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।