Purva Vidarbha Development: महायुति सत्कार समिति की ओर से राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद राजेंद्र जैन और विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य अविनाश ब्राह्मणकर का भव्य नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद प्रफुल पटेल ने की। जबकि उद्घाटन राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया।
पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य में महायुति की डबल इंजन सरकार होने से विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार किसानों, आम नागरिकों और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक संकट से बाहर निकालने के लिए ऋणमुक्ति योजना सहित कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। संकट के समय सरकार मजबूती से किसानों और नागरिकों के साथ खड़ी रही है। विकास योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जा रहा है।
प्रफुल पटेल ने कहा कि महायुति ने विदर्भ को सम्मान देते हुए राजेंद्र जैन को राज्यसभा और सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले अविनाश ब्राह्मणकर को विधान परिषद में प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भंडारा, गोंदिया सहित पूरे पूर्व विदर्भ के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नेता क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी तरीके से सरकार तक पहुंचाएंगे और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. पंकज भोयर, विधायक डॉ. परिणय फुके, विधायक राजकुमार बडोले, विधायक विजय रहांगडाले, विधायक नरेंद्र भोंडेकर, विधायक राजूभाऊ कारेमोरे, विधायक संजय पुराम, वीरेंद्र अंजनकर, लायकराम भेंडारकर, सुनील फुंडे और धनंजय दलाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ये भी पढ़े: पिता की इज्जत बचाने के लिए 17 वर्षीय नाबालिग ने दी जान! सुसाइड नोट से खुलासा, अमरावती में सनसनी
कार्यक्रम में भंडारा और गोंदिया जिले के महायुति पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों, प्रकोष्ठों और मोर्चों के पदाधिकारियों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। समारोह में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।