पिता की इज्जत बचाने के लिए 17 वर्षीय नाबालिग ने दी जान! सुसाइड नोट से खुलासा, अमरावती में सनसनी

Amravati Suicide Case: अमरावती के शेंदुरजना घाट में 17 वर्षीय किशोरी ने मानसिक प्रताड़ना और दुष्कर्म से तंग आकर आत्महत्या कर ली। बैग से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने 4 लोगों पर केस दर्ज किया है।
Amravati Minor Girl Suicide Case
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amravati Minor Girl Suicide Case: अमरावती जिले के शेंदुरजना घाट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई। घटना के बाद मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने नाबालिग प्रेमी, उसके एक दोस्त तथा मृतका की दो सहेलियों सहित 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को दोपहर के समय किशोरी अपने घर में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। उल्टियां होने पर परिजनों ने उसे तत्काल वरुड के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर परिजन मौत के कारणों से अनभिज्ञ थे।

आरोपी का दोस्त व सहेलियां कर रही थीं परेशान

सुसाइड नोट में किशोरी ने लिखा है कि पिछले करीब 10 महीनों से उसका एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था। उसने आरोप लगाया कि लड़के ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। नोट में यह भी उल्लेख है कि आरोपी का एक दोस्त तथा उसकी दो सहेलियां भी उसे लगातार परेशान और अपमानित करती थीं।

इसी मानसिक दबाव और पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने के भय से उसने यह कदम उठाने की बात लिखी है। साथ ही उसने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।

चार आरोपियों पर मामला दर्ज

सुसाइड नोट मिलने के बाद मृतका की मां की शिकायत पर अमरावती जिले के शेंदुरजना घाट पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो (POCSO) अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही उसके दोस्त और मृतका की दो सहेलियों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।

मुख्य आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे हिरासत में लेकर बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। शेंदुरजना घाट थाने के थानेदार राहुल गवई ने बताया कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

बैग से मिला सुसाइड नोट

मृतिका के सामान की जांच के दौरान उसके बैग से एक सुसाइड नोट मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सुसाइड नोट को जांच का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com