मोहाड़ी राशन अनाज (सोर्सः सोशल मीडिया)
भंडारा

भंडारा के मोहाड़ी में राशन के गेहूं में मिले कीड़े, गरीब परिवारों को घटिया अनाज मिलने की शिकायत

Insect Infested Wheat: भंडारा जिले की मोहाड़ी तहसील में सरकारी राशन के गेहूं की गुणवत्ता और वजन को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। वरठी और तुमसर गोदामों से कीड़े लगा गेहूं मिल रहा है।

आंचल लोखंडे

Highlights:

  • मोहाड़ी तहसील में सरकारी राशन के गेहूं में कीड़े मिलने और अनाज खाने योग्य नहीं होने की शिकायत लाभार्थियों ने की है।

  • वरठी और तुमसर गोदामों से आपूर्ति किए जा रहे अनाज की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

  • राशन दुकानदारों का आरोप है कि 50 किलो की बोरी में केवल 45 से 48 किलो अनाज निकलता है।

Mohadi Ration Distribution: गरीबों की खाद्य सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से मुफ्त राशन वितरण योजना चलाई जा रही है, लेकिन मोहाडी तहसील की सरकारी उचित मूल्य (राशन) दुकानों से मिलने वाले अनाज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वरठी और तुमसर स्थित गोदामों से आपूर्ति किया जा रहा गेहूं कीड़ों से सड़ा हुआ और खाने योग्य नहीं होने की शिकायत लाभार्थियों ने की है।

स्थिति यह है कि नागरिकों को यह अनाज धूप में सुखाकर और साफ कर उपयोग करने की नौबत आ गई है। घटिया अनाज की आपूर्ति से गरीब परिवारों के सामने खाद्य सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में भारी नाराजगी है।

राशन में मक्के का वितरण

मोहाडी तहसील में पिछले लगातार तीन महीनों तक राशन में मक्के का वितरण किया गया। इस क्षेत्र के अधिकांश परिवारों को मक्का खाने की आदत न होने के कारण कई लोगों ने इसे मवेशियों और मुर्गियों को खिला दिया।

वहीं, चक्की संचालकों की ओर से मक्का पीसने से इनकार किए जाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। दिवाली तक मक्के का ही वितरण चलता रहा। अब जब गेहूं और चावल का वितरण शुरू हुआ है, तो गेहूं में कीड़े निकलने से लाभार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा है। इससे गोदामों में अनाज के भंडारण की व्यवस्था और गुणवत्ता जांच प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे

बोरियों से अनाज चोरी और वजन में कटौती का आरोप

गोदामों से राशन दुकानदारों को मिलने वाले अनाज के वजन में कटौती किए जाने की गंभीर शिकायत कुछ दुकानदारों ने नाम न छापने की शर्त पर की है। उनका कहना है कि 50 किलो की बोरी में वास्तव में 45 से 48 किलो तक ही अनाज निकलता है। दुकानदारों का दावा है कि अच्छी गुणवत्ता का अनाज लेने के लिए पैसे देने पड़ते हैं, अन्यथा उन्हें सड़ा हुआ और कीड़े लगा अनाज थमा दिया जाता है।

दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया है कि गोदाम के कुछ हम्माल अच्छी गुणवत्ता वाले अनाज की बोरियों से अनाज निकालकर अलग बोरियां भरते हैं और उन्हें चुनिंदा लोगों के वाहनों से बाहर भेज देते हैं। इस कथित कालाबाजारी के कारण अच्छा अनाज बाहर चला जाता है और लाभार्थियों के हिस्से में घटिया अनाज आता है। स्थानीय स्तर पर इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

आरोप निराधार

गोडाऊन कीपर नितीन धंदरे ने कहा कि संबंधित प्रकार की कोई भी गतिविधि हमारे यहां नहीं हो रही है। लगाए जा रहे आरोप निराधार है।

दुकानदार वजन कर ही माल लेते हैं

वरठी गोडाऊन कीपर राहुल कांबले ने कहा कि जिन दुकानदारों को कम अनाज मिलने की शिकायत है। वे प्रत्यक्ष आकर मिलें। जांच के बाद कम मिले अनाज की भरपाई करने की व्यवस्था की जाएगी, ठेकेदार की ओर से गोदाम से अनाज ले जाने के बाद दुकानदार वजन कर ही माल लेते हैं।

शिकायत पर और परेशानी

मोहाडी के राशन दुकानदार ने कहा कि हमें गोदाम में बुलाया ही नहीं जाता है। ठेकेदार ही सीधे दुकान तक अनाज पहुंचाता है। हर बोरी में वजन कम रहता है, लेकिन शिकायत करने पर हमें ही कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

INS Betwa: 22 साल पुराने युद्धपोत की क्या है खासियत? भाप से चलता था इंजन, अब मिलेगी डीजल की ताकत

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत