

नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग के बाजारगांव स्थित अनंतारा होटल में आग लगी।
हादसे में 59 वर्षीय मंडल अधिकारी मनोज सदाशिवराव बांडे की मौत हुई।
वह अमरावती जिले के अंजनगाव सुर्जी तहसील कार्यालय में कार्यरत थे।
बांडे होटल के कमरा नंबर 208 में ठहरे हुए थे।
Bazargaon Anantara Hotel Fire: नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बाजारगांव के प्रसिद्ध अनंतारा होटल में गुरुवार की रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में होटल के कमरे में धुआं भर गया और दम घुटने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनोज सदाशिवराव बांडे (59), निवासी अंजनगाव सुर्जी, जिला अमरावती के रूप में हुई है, ये अंजनगाव सुर्जी तहसील कार्यालय में मंडल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज बांडे अमरावती से नागपुर की ओर जा रहे थे, इसी दौरान शाम करीब 6 बजे वे बाजारगांव स्थित अनंतारा होटल में रुके थे और उन्होंने होटल का कमरा नंबर 208 लिया था। रात के समय होटल में अचानक आग लग गई।
आग लगने से पूरे कमरे में घना धुआं फैल गया, जिससे दम घुटने के कारण बांडे की मौत होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही कोंढाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। दोनों दमकल विभागों के जवानों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने के प्रयास किए।
पुलिस ने बांडे के पहचान पत्र के आधार पर उनकी शिनाख्त की। फिलहाल होटल में आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। थानेदार सुमित परतेकी के मार्गदर्शन में कोडाली पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद बाजारगाव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्रशासन और स्थानीय नागरिकों द्वारा इस दुखद हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की जा रही है। साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि होटल परिसर में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।