Bhandara Lakhandur Forced abortion Crime News: भंडारा जिले के लाखांदुर में शादी का लालच देकर एक विधवा से करीब 6 वर्षों तक नियमित अंतराल पर अत्याचार करने का मामला सामने आया है।
पीड़िता ने आरोपी पर कई बार गर्भधारण के बाद दवाइयां देकर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर लाखांदुर पुलिस ने दोनाड निवासी प्रतीक सोमेश्वर नागोसे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पति की मौत के बाद अपने इकलौते बेटे के साथ ससुराल में रह रही एक विधवा से शादी का लालच देकर करीब छह वर्षों तक अत्याचार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर लाखांदुर पुलिस ने दोनाड निवासी प्रतीक सोमेश्वर नागोसे (28) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक लाखांदुर की एक मोबाइल दुकान में काम करता था। पीड़िता के पति ने इसी दुकान से किश्तों पर मोबाइल फोन खरीदा था। पति की अचानक मौत के बाद मोबाइल की कुछ किश्तें बकाया रह गई थीं। इसी सिलसिले में पीड़िता और आरोपी की पहचान हुई और बाद में दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि पहचान और दोस्ती का फायदा उठाकर आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और पिछले करीब छह वर्षों से नियमित अंतराल पर उसका शोषण करता रहा। इस दौरान पीड़िता के कई बार गर्भवती होने का भी आरोप है।
शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि करीब 6-7 बार गर्भधारण होने पर आरोपी ने उसे दवाइयां देकर जबरन गर्भपात कराया। इस बीच करीब एक पखवाड़े पहले आरोपी ने कथित तौर पर फिर अत्याचार किया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से शादी करने की मांग की, लेकिन उसने शादी से इनकार कर दिया।
आरोपी के शादी से इनकार करने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने शादी का लालच देकर नियमित अंतराल पर अत्याचार करने और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। लाखांदुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्रतीक नागोसे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।