Chhatrapati Sambhajinagar City Bus: छत्रपति संभाजीनगर शहर की सिटी बस सेवा को अधिक सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने शुक्रवार शाम पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शहर के कुछ मार्गों पर सिटी बस सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। जबकि, जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या कम है। वहां के स्थिति का सर्वे कर आगामी समय में बस सेवा को और बेहतर बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर में जबसे स्मार्ट सिटी के माध्यम से सिटी बस सेवा शुरू की गई तबसे वह आर्थिक घाटे में चल रही है। इसके बावजूद प्रशासन नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सेवा को मजबूत करने में जुटा हुआ है। मनपा आयुक्त ने कहा कि शहर में आने वाली 100 से अधिक नई ई-बसों को ध्यान में रखते हुए उन क्षेत्रों का सर्वे कराया जाएगा।
जहां सिटी बस सेवा की अधिक आवश्यकता है। इसके लिए एक एजेंसी के माध्यम से अगले माह विशेष सर्वे किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नए मार्ग और सेवाओं की योजना बनाई जाएगी। निजी एजेंसी के माध्यम से 34 बसेस भी आना है। परंतु, यह मामला प्रलंबित है। येडगे ने कहा कि प्रशासन निजी एजेंसी से भी 34 बसेस पाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।
आयुक्त अमोल येडगे ने स्वीकार किया कि नई ई-बसों के आने से प्रशासन पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। लेकिन इससे शहरवासियों को आधुनिक और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते छत्रपति संभाजीनगर शहर और औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को देखते हुए मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था समय की आवश्यकता बन गई है। सिटी बसों की खराब स्थिति और खंडहर जैसी हालत को लेकर पूछे गए सवाल पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान बसें अभी कई वर्षों तक सेवा देने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि बसों को केवल नियमित रखरखाव और मरम्मत की आवश्यकता है आयुक्त ने कहा कि जैसे-जैसे छत्रपति संभाजीनगर शहर का विस्तार हो रहा है। वैसे-वैसे सरकार और प्रशासन भी सिटी बस सेवा को मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर आवश्यक निर्णय लेते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में भी तेजी से विकास हो रहा है। ऐसे में नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मनपा आयुक्त ने कहा कि शहर में आने वाली 100 से अधिक नई ई-बसों को ध्यान में रखते हुए उन क्षेत्रों का सर्वे कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें :- छत्रपति संभाजीनगर में ‘निरामय अभियान’ को प्रभावी बनाने; स्वानंद सोनार का दौरा, कैंसर स्क्रीनिंग पर विशेष फोकस
अमोल येडगे ने कहा कि मराठवाड़ा संभाग में सिटी बस सेवा को लेकर अधिक समस्याएं हैं जबकि राज्य के अन्य संभागों के शहरों में सिटी बस सेवा बेहतर ढंग से संचालित हो रही है और वहां के नागरिकों को अच्छी सुविधा मिल रही है। प्रशासन का प्रयास है कि छत्रपति संभाजीनगर में भी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक मजबूत और सुविधाजनक बनाया जाए।