Sambhajinagar Pulse Polio Vaccination: छत्रपति संभाजीनगर राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के पहले ही दिन ही रविवार को मनपा ने शहर में 84 फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया। अभियान के तहत शहर के 1 लाख 99,065 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। शाम 6 बजे तक 1 लाख 66, 653 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की जानकारी मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने दी।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ मनपा एन-8 अस्पताल में स्थायी समिति के सभापति अनिल मकरिये ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य समिति की सभापति डॉ. सुनीता सालुंके, नगरसेविका माधुरी अदवंत, नगरसेवक गणेश नावंदर, मनपा आयुक्त अमोल येड़गे, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उज्ज्वला भांबरे, डॉ. मेघा जोगदंड, कार्यकारी अभियंता (यांत्रिकी) अमोल कुलकर्णी संग अधिकारी, कर्मी व नागरिक मौजूद थे।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शेष पात्र बच्चों तक भी शीघ्र ही पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। चिकलथाना स्थित जिला अस्पताल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का जिलास्तरीय शुभारंभ रविवार को स्वास्थ्य सेवा की सह-संचालक डॉ. सुनीता गोल्हाईत ने एक बच्चे को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाकर किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सुनियोजित ढंग से अभियान चलाएं। कार्यक्रम में सहायक संचालक डॉ. दयानंद मोतीपवले, अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. पद्मजा सराफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुजीब सैयद संग जिला अस्पताल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिप अध्यक्ष अविनाश गलांडे ने वैजापुर तहसील के महालगांव (प्राथमिक आरोग्य केंद्र गाढेपिपलगांव) में जिलास्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उत्साह देखा गया, सिल्लोड़ तहसील के अंधारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत के "हाला में जिप परिषद स्वास्थ्य व शिक्षा समिति की सभापति अनीता मोठे ने अभियान की शुरुआत की।
यह भी पढ़ें:-छत्रपति संभाजीनगर: पहली बारिश में नई जलापूर्ति योजना फेल, 10-11 दिन पर पहुंची पानी सप्लाई
प्रभारी जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल बेद्रे ने सिल्लोड के पालोद व पानवडोद स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का आगाज किया, देवीदास पालोदकर, डॉ. नासेर पठान, सचिन काशीद, चंदन गणोरे, चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।