Chhatrapati Sambhajinagar Education Atul Save : नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के अवसर पर छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के विभिन्न विद्यालयों में प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। नारेगांव स्थित केंद्रीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा बनेवाड़ी केंद्रीय विद्यालय सहित कई स्कूलों में विद्यार्थियों का विशेष स्वागत किया गया। सजाए गए रथ में विद्यार्थियों के विद्यालय पहुंचने से समारोह आकर्षण का केंद्र बन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभक्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पुष्प और चॉकलेट देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नए गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। स्कूल के पहले ही दिन बच्चों में उत्साह और खुशी का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण मंत्री अतुल सावे, महापौर समीर राजूरकर, पार्षद मतीन पटेल, गोकुल मलके, काकासाहेब काकड़े, सिद्धार्थ साल्वे, महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री अतुल सावे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहले बच्चे स्कूल जाने से घबराते थे, लेकिन अब विद्यालयों में बेहतर सुविधाओं के कारण उनमें उत्साह दिखाई देता है। उन्होंने नारेगांव स्थित विद्यालय के खेल मैदान के विकास के लिए विधायक निधि से 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि रअन्नामृतर योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में शहर अभियंता संजय कोंबडे, प्रधानाध्यापिका तिलोत्तमा मापारी, प्रधानाध्यापक डॉ। संपत इधाटे, जुबेर शेख, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण व्यक्तित्व निर्माण के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई नए शैक्षणिक वर्ष के पहले दिन महानगरपालिका विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच उत्साह का नया वातावरण तैयार कर दिया। रथ यात्रा, गणवेश वितरण और विभिन्न घोषणाओं ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
यह भी पढ़ें:- पिंपरी-चिंचवड़ में भीषण जल संकट: आधी आबादी प्यासी, PCMC के पास सिर्फ 12 टैंकर, निजी माफियाओं का बोलबाला
महापौर समीर राजूरकर ने विद्यालय में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था शीघ्र उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा दीवार का निर्माण दो माह में पूरा करने का आश्वासन दिया। वहीं छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने कहा कि एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और दसवीं कक्षा के शत-प्रतिशत परिणाम के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।