Sambhajinagar NMC Recruitment IBPS Online Exam 2026: छत्रपति संभाजीनगर मनपा के विभिन्न विभागों में रिक्त 222 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति मिल गई है। इन पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा 8 और 9 जुलाई को आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के लिए लगभग 29 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, इसके लिए मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। पूरी प्रक्रिया पर मनपा के वरिष्ठ अधिकारी निगरानी रखेंगे।
छत्रपति संभाजीनगर महानगर पालिका में स्वीकृत 5 हजार 204 पदों में से वर्तमान में केवल 2 हजार 933 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 2 हजार 273 पद खाली हैं। हर महीने 20 से 25 अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे कर्मचारियों की कमी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रथम श्रेणी के 108, द्वितीय श्रेणी के 95, तृतीय श्रेणी के 1 हजार 163 और चतुर्थ श्रेणी के 905 पद रिक्त होने से प्रशासन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
कर्मचारियों की कमी को देखते हुए मनपा प्रशासन ने फरवरी 2026 में 222 पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की थी। भर्ती प्रक्रिया की जिम्मेदारी बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) को सौंपी गई है। इसके लिए संस्था के साथ करार कर कार्यादेश भी जारी किया गया है। प्रारंभिक चरण में कुछ तकनीकी कारणों से परीक्षा समय पर आयोजित नहीं हो सकी थी, लेकिन अब सभी तैयारियां पूरी होने के बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें :- धारणी में खरीफ बुआई से पहले डीजल की भारी किल्लत, पेट्रोल पंपों पर 1 किमी लंबी कतारें, किसान परेशान
भर्ती प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों से प्राप्त शुल्क के माध्यम से आईबीपीएस के पास लगभग पौने तीन करोड़ रुपये जमा हुए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए विशेष पर्यवेक्षण व्यवस्था बनाई जाएगी। महानगर पालिका के सभी वरिष्ठ अधिकारी इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
ऑनलाइन परीक्षा के बाद प्राप्त अंकों और योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया को अब वास्तविक रूप मिलने से हजारों अभ्यर्थियों में उत्साह और उत्सुकता का माहौल है।