Daulatabad Ghat Traffic Jam Tourists Troubled: छत्रपति संभाजीनगर का विश्व प्रसिद्ध दौलताबाद किला, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और एलोरा की ऐतिहासिक गुफाओं तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित दौलताबाद घाट में यातायात जाम अब आम समस्या बन चुका है। वर्षों से यह परेशानी बनी हुई है, लेकिन आज तक न कोई जनप्रतिनिधि इसका स्थायी समाधान निकाल सका और न ही संबंधित अधिकारी कोई प्रभावी व्यवस्था कर पाए। परिणामस्वरूप हर वीकेंड और हॉलीडे के दिनों में हजारों श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों को घंटों जाम में फंसकर भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
इस रविवार को साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण सुबह से ही दौलताबाद घाट मार्ग पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घृष्णेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु, एलोरा गुफाओं और दौलताबाद किले का भ्रमण करने पहुंचे देश-विदेश के पर्यटक तथा स्थानीय लोग कई किलोमीटर लंबे जाम में फंस गए। दोपहर तक स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वाहनों की आवाजाही लगभग ठप पड़ गई। यातायात पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शाम तक यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन शाम के समय फिर जाम लग गया।
छत्रपति संभाजीनगर जिला देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन केंद्र है। हर वर्ष लाखों पर्यटक यहां के ऐतिहासिक स्मारकों, एलोरा की विश्व धरोहर गुफाओं, दौलताबाद किले और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आते हैं। इसके बावजूद पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था आज भी बदहाल बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दौलताबाद घाट में सड़क चौड़ीकरण, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, भारी वाहनों के लिए अलग मार्ग तथा आधुनिक यातायात प्रबंधन की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले। समस्या जस की तस बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:- संभाजीनगर को बड़ी सौगात: 67.80 किमी लंबे नए ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी, 46 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
पर्यटकों का कहना है कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की पहचान रखने वाले जिले में प्रवेश करते ही यदि घंटों जाम का सामना करना पड़े तो इससे पूरे क्षेत्र की छवि प्रभावित होती है। नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि दौलताबाद घाट की यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए तत्काल ठोस योजना बनाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को रोज-रोज की इस परेशानी से राहत मिल सके।
-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट