छत्रपति संभाजीनगर में बारिश से खिल उठीं पहाड़ियां, वीकेंड पर उमड़ी ट्रैकर्स और परिवारों की भारी भीड़

Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर में झमाझम बारिश के बाद हिल टेकड़ियों पर हरियाली छा गई है। वीकेंड पर प्रकृति के मनोरम दृश्यों और ट्रैकिंग का आनंद लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
Monsoon Trekking In Chhatrapati Sambhajinagar
छत्रपति संभाजीनगर में बारिश से खिल उठीं पहाड़ियां पर बढ़े पर्यटक (फोटो नवभारत)
Updated on

Monsoon Trekking In Chhatrapati Sambhajinagar: छत्रपति संभाजीनगर शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है। हरियाली से ढकी पहाड़ियां और ठंडी हवाएं लोगों को प्रकृति की ओर आकर्षित कर रही हैं। यही वजह है कि इन दिनों शहर की विभिन्न हिल टेकड़ियों पर सुबह से लेकर शाम तक बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और बारिश के मौसम का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

वीकेंड पर टेकड़ियों पर उमड़ा जनसैलाब

शनिवार व रविवार को अवकाश होने के कारण शहर की हिल टेकड़ियों पर युवाओं, परिवारों, बच्चों और बुजुर्गों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कई लोग दोस्तों के साथ ट्रैकिंग के लिए पहुंचे, तो अनेक परिवार प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने और बारिश के बीच मनोरम दृश्यों का आनंद लेने पहुंचे। पहाड़ियों पर फैली हरियाली, बादलों की आवाजाही और ठंडी फुहारों ने पूरे वातावरण को बेहद आकर्षक बना दिया।

ट्रैकिंग, फोटोग्राफी और सोशल मीडिया पर ट्रेंड

बारिश के बाद पहाड़ियों पर फैली ताजा हरियाली और स्वच्छ वातावरण लोगों को मानसिक सुकून भी दे रहा है। व्यस्त दिनचर्या और शहर की भागदौड़ से दूर कुछ घंटे प्रकृति के बीच बिताने के लिए नागरिक लगातार हिल टेकड़ियों का रुख कर रहे हैं। लोग इन खूबसूरत पलों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर छत्रपति संभाजीनगर की पहाड़ियों की रील्स और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें खूब पसंद किया जा रहा है।

सेहत के लिए वरदान, लेकिन सावधानी भी जरूरी

प्रकृति प्रेमियों का कहना है कि वर्षा ऋतु में पहाड़ियों का सौंदर्य कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे मौसम में सुबह या शाम की सैर और हल्की ट्रैकिंग स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होती है। हालांकि नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे पहाड़ियों पर जाते समय पूरी सावधानी बरतें। फिसलन वाले स्थानों से दूर रहें, प्लास्टिक या अन्य कचरा न फैलाएं, पर्यावरण को स्वच्छ रखें और किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें।

बारिश के इस सुहाने मौसम ने छत्रपति संभाजीनगर की हिल टेकड़ियों को फिर से लोगों का पसंदीदा ठिकाना बना दिया है, जहां हर दिन प्रकृति का आनंद लेने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।

-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com