Chhatrapati Sambhajinagar Crime: छत्रपति संभाजीनगर शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए जल्द ही विशेष एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। यह जानकारी राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री तथा जिले के पालकमंत्री संजय शिरसाट ने दी। रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने शहर की बिगडती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की।
पालकमंत्री शिरसाट ने कहा कि पिछले एक महीने में शहर में चार से पांच हत्याएं हुई हैं। इसके अलावा ड्रग्स का प्रभाव भी तेजी से बढ़ रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में संगठित अपराध फैलता नजर आ रहा है। खासकर पुंडलिक नगर थाना क्षेत्र में रोज नए अपराध सामने आ रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
परभणी के सांसद संजय जाधव के उबाठा पार्टी छोड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि कई नेता बैठकों में अनुपस्थित रह रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि उनका मन अब वहां नहीं है। आने वाले समय में पार्टी में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
मंत्री शिरसाट ने कहा कि महाराष्ट्र में रहने वाले हर व्यक्ति को मराठी भाषा सीखनी चाहिए। वहीं शिवाजी महाराज से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि यह मुद्दा अब समाप्त होना चाहिए, क्यूकी विधायक गायकवाड को समझाइश दी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि अपराधियों पर नियंत्रण के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी। यह टीम गुंडों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी और उनके खिलाफ कड़े कानूनों के तहत कार्रवाई करेंगी। मंत्री शिरसाट ने कहा कि आज छोटे अपराधी भी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे है। इसे रोकना बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़े: पानी के लिए 8-10 दिनों का इंतजार खत्म! अगले महीने से संभाजीनगर में दौड़ेगा 50 MLD अतिरिक्त पानी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उबाठा प्रमुख उद्धव ठाकरे के कथित मुलाकात पर मंत्री शिरसाट ने कहा कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि आज के समय में संवाद के कई माध्यम हैं, इसलिए रात में मुलाकात की बात विश्वसनीय नहीं लगती।
बागेश्वर बाबा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री शिरसाट ने कहा कि बिना जानकारी के इतिहास पर टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अनर्गल बयानबाजी से बचना चाहिए और समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।