Chhatrapati Sambhajinagar Jayakwadi Permanent Water Supply: शहर की नई जलापूर्ति योजना के तहत स्थायी और निर्बाध पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जायकवाड़ी बांध पर अप्रोच चैनल का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने दी। उन्होंने बताया कि नई योजना के माध्यम से नक्षत्र वाड़ी केंद्र पर 40 एमएलडी पानी पहुंच चुका है, जिसमें से 8 एमएलडी पानी शहर में वितरित किया गया है, जबकि शेष पानी एमबीआर और 1500 मिमी व्यास की जलवाहिनी में संग्रहित किया गया है।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने बताया कि जायकवाड़ी बांध का जलस्तर लगातार घट रहा है, जिससे पानी उठाने में कठिनाइयां सामने आ रही हैं। सायफन पद्धति से लंबे समय तक पानी उपलब्ध कराना संभव नहीं है। इसी को देखते हुए बुधवार सुबह जायकवाड़ी बांध पर महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण और जीवीपीआर कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में स्थाई जलापूर्ति के लिए अप्रोच चैनल को आवश्यक बताते हुए उसके निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण द्वारा विशेषज्ञों की सहायता से तैयार किए गए डिजाइन को तत्काल मंजूरी देकर काम शुरू करने के लिए कहा गया है।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने बताया कि मंगलवार को नक्षत्र वाड़ी में 40 एमएलडी पानी प्राप्त हुआ। इसमें से 8 एमएलडी पानी शहर में वितरित किया गया, जबकि शेष पानी दोनों एमबीआर में संग्रहित किया गया। साथ ही 1500 व्यास की मुख्य जलवाहिनी में पानी भरकर उसकी सफाई, स्कोरिंग और हाइड्रोलिक परीक्षण शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अगले आठ दिनों में नौ जलकुंभों के माध्यम से जलापूर्ति शुरू की जाएगी। जलकुंभ भरने के बाद दबाव नियंत्रित रखते हुए सभी क्षेत्रों में समान रूप से पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ेः- जे.पी. नड्डा से मिले सांसद काले और भुमरे,उर्वरक बुकिंग मोबाइल प्रणाली पर रोक लगाने की मांग की
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने बताया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक पाइप नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, वहां नल कनेक्शन देने के लिए विशेष नियमावली तैयार की जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद अधिकृत प्लंबरों के माध्यम से कनेक्शन दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सभी नियमों का पालन किया जाएगा और एक संपत्ति धारक को केवल एक ही नल कनेक्शन दिया जाएगा। अतिरिक्त कनेक्शन के लिए आयुक्त की अनुमति आवश्यक होगी। जिन क्षेत्रों में नल कनेक्शन का कार्य पूरा हो जाएगा, वहां चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट