Chhatrapati Sambhajinagar Crime: बेगमपुरा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नकली नोट छापकर लोगों से ठगी करने की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। न्यू पहाड़सिंहपुरा क्षेत्र में छापा मारकर पुलिस ने दो आरोपियों-शेख फेरोज शेख रफीक (31, सुतार गली, बिलोली, जिला नांदेड़) और शेख वसीम शेख ताहेर (29, नाईकवाड़ी गली, बिलोली, जिला नांदेड़) को हिरासत में लिया था। तदुपरांत नोटिस देकर उन्हें छोड़ दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को 27 फरवरी को सूचना मिली थी कि एक सफेद इनोवा कार में सवार दो व्यक्ति नकली नोट तैयार करने का लालच देकर किसी को ठगने के उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम दोपहर करीब 2:30 बजे महादेव मंदिर क्षेत्र पहुंची और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ठगी में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे असली नोटों पर आयोडीन लगाकर उन्हें काला कर छिपाते थे। इसके बाद पीड़ित के सामने सफेद कागजों को रसायन में डुबोकर काला करने और प्लेट को विद्युत आपूर्ति देकर नोट बनाने का नाटक करते थे। बाद में रसायन से धोकर असली नोट दिखाया जाता था, जिससे लोगों का विश्वास जीतकर बड़ी रकम की ठगी की जाती थी।
आरोपी चार लाख रुपये के नकली नोट देने का वादा कर एक लाख रुपये ऐंठने की योजना बनाते थे। नोट तैयार करने के लिए अधिक सामग्री लाने का बहाना कर वे मौके से फरार हो जाते थे। समय पर कार्रवाई होने से बड़ा आर्थिक अपराध टल गया।
ये भी पढ़े: एकनाथ चीनी मिल केस: सचिन घायाल व साझेदारों पर एफआईआर, 30 करोड़ के कर्ज में 16.62 करोड़ के घोटाले का आरोप
पुलिस ने 500 रुपये के नोटों के आकार के सफेद कागजों के चार बंडल, विद्युत बॉक्स (लाइट, बटन, प्लग व वोल्टेज मीटर सहित), आयोडीन की बोतल, विभिन्न रंगों की तारें, प्लेट और सफेद रासायनिक पाउडर सहित कुल 1,150 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक मारोति मदेवाड़ कर रहे हैं।