Amravati Voter List Revision: अमरावती चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अमरावती में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत वर्ष 2002 की मतदाता सूची का वर्ष 2024 की मौजूदा सूची के साथ मिलान और मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान में बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से मतदाताओं का प्रत्यक्ष सत्यापन कर रहे हैं। अमरावती निर्वाचन क्षेत्र में इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए स्थानीय विधायक सुलभा खोडके ने नागरिकों से बीएलओ का सहयोग करने और खुद आगे आकर इसमें भाग लेने की अपील की है।
शहरीकरण और पलायन के कारण कई मतदाताओं के नाम दो अलग-अलग जगहों की सूचियों में दर्ज हो गए हैं। इस दोहरेपन को खत्म करने के लिए अमरावती विधानसभा क्षेत्र में 322 बीएलओ और 31 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 71 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि 24 प्रतिशत मैपिंग अभी बाकी है।
विधायक सुलभा खोडके ने तकनीकी प्रक्रिया को समझाते हुए बताया कि यदि किसी मौजूदा मतदाता का नाम साल 2002 की सूची में नहीं मिल रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसके लिए 'ECINET' ऐप की मदद ली जा रही है। इस ऐप के माध्यम से मतदाताओं के माता-पिता या दादा-दादी के नाम से पुरानी जानकारी निकालकर मैपिंग का काम पूरा किया जा रहा है। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नागरिक इस प्रक्रिया को पूरा नहीं करते हैं, तो भविष्य में उन्हें जन्मतिथि और अन्य जरूरी सरकारी दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बड़ी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें:- मनोज जरांगे का अनशन शुरू, डेढ़ घंटे की बात भी बेनतीजा, CM फडणवीस के फोन के बाद प्रसाद लाड अंतरवाली सराटी रवाना
प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी नागरिक का नाम दो अलग-अलग जगहों की वोटर लिस्ट में शामिल है, तो वे वर्तमान में जहाँ रह रहे हैं, वहाँ का नाम बरकरार रखें। दूसरी जगह से नाम हटाने के लिए उन्हें तुरंत फॉर्म नंबर 7 भरना होगा। इसके अलावा, नागरिकों की सुविधा और किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता के लिए प्रशासन द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिसपर संपर्क कर पूरी जानकारी ली जा सकती है।