Nitesh Rane Amravati Visit Cancelled: अमरावती जिले के अचलपुर-परतवाड़ा में हाल ही में हुए लैंगिक शोषण के एक मामले के विरोध में सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित विराट जनसभा और नव कन्या पूजन कार्यक्रम में उस समय मायूसी छा गई, जब मुख्य वक्ता और राज्य के मत्स्य पालन मंत्री नितेश राणे का दौरा अंतिम समय पर रद्द हो गया। 42 डिग्री से अधिक तापमान और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक उनके भाषण को सुनने के लिए जुटे थे, लेकिन मंत्री के न आने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
इस सभा को लेकर प्रशासन और आयोजकों के बीच शुरुआत से ही तनाव की स्थिति बनी रही। पहले यह सभा परतवाड़ा के जयस्तंभ चौक पर होनी थी, लेकिन पुलिस ने संवेदनशीलता और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वहां अनुमति देने से इनकार कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद, आयोजकों ने दुर्रानी चौक पर सभा करने का निर्णय लिया। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया था।
नितेश राणे की सभा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत सभा स्थल के आसपास की सभी दुकानों को दोपहर में ही बंद करा दिया गया। अचलपुर और परतवाड़ा के व्यापारियों में इस फैसले को लेकर गहरा आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण दोपहर में व्यापार ठप रहता है और शाम को जब ग्राहक निकलने का समय हुआ, तब प्रशासन ने दुकानें बंद करवा दीं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
यह भी पढ़ें: नितेश राणे का दौरा रद्द, सभा में इंतजार करते रह गए समर्थक, अचलपुर-परतवाड़ा में जनसभा फीकी
हालांकि आधिकारिक तौर पर दौरा रद्द होने का कोई ठोस कारण नहीं बताया गया है, लेकिन राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि कुछ दिन पूर्व एक पुराने मामले में नितेश राणे को एक माह की सजा सुनाए जाने के अदालती आदेश के चलते यह दौरा अचानक रद्द किया गया। उनके प्रभावशाली और आक्रामक भाषण की उम्मीद लगाए समर्थकों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं थी।