Highlights:
बडनेरा के साप्ताहिक बाजार परिसर में 5 से 8 हमलावरों ने दुकानों में घुसकर व्यापारियों पर हमला किया।
चाकू और लाठी-डंडों से हुए हमले में तीन व्यापारी घायल हुए, दो की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने निशांत डोंगरे, प्रथमेश सपाठे, सिद्धांत डोंगरे और रोहन सौदे को गिरफ्तार किया।
फरार आरोपियों की तलाश और हमले के कारणों की जांच जारी है।
Four Accused Arrested: अमरावती जिले के बडनेरा शहर में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बेखौफ हमलावरों ने साप्ताहिक बाजार परिसर में घुसकर व्यापारियों पर चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया।
इस सनसनीखेज वारदात में तीन व्यापारी घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे व्यापारिक जगत और सिंधी समाज में भारी आक्रोश व दहशत का माहौल है। विरोध में व्यापारियों व सामाजिक संगठनों ने शनिवार को बडनेरा थाने पर धरना दिया और सभी दुकानें बंद रखे।
जानकारी के मुताबिक साप्ताहिक बाजार परिसर स्थित स्वामी क्लॉथ और राधा साड़ी सेंटर के संचालकों को निशाना बनाया गया। करीब 5 से 8 हमलावर दुकानों में घुसे और उन्होंने परसुमल पंजवानी, जीतू पंजवानी तथा वहां मौजूद भागर पंजवानी पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में तीनों जख्मी हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दो घायलों की स्थिति नाजुक होने के चलते रिम्स अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए बडनेरा पुलिस ने हरकत में आते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में निशांत डोंगरे (18), प्रथमेश सपाठे (19), सिद्धांत डोंगरे (21) और रोहन सौदे (19) शामिल हैं। सभी आरोपी बडनेरा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस फरार अन्य साथियों की तलाश और हमले के कारणों की जांच में जुटी है।
दिनदहाड़े और भीड़भाड़ वाले बाजार इलाके में दुकानों के भीतर घुसकर हुए हमले से व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के विरोध में व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बडनेरा थाना पहुंचकर धरना दिया तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस घटना को लेकर सिंधी समाज में भी तीखी नाराजगी है। व्यापारियों पर हुए हमले के विरोध में शनिवार को बडनेरा के सभी बाजार व दुकानें बंद रखी गई।
भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्र और दुकानों के अंदर घुसकर हमला करने की घटना ने अपराधियों के बढ़ते हौसले को उजागर कर दिया है। जब कारोबारी अपने ही प्रतिष्ठानों में सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे, ती आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चित्ता बढ़ना स्वाभाविक है, व्यापारियों ने हमले में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने, वारदात की असली वजह सामने लाने, दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बडनेरा पार्षद किशोर जाधव ने कहा कि हर एक व्यापारी, लेडिज, और आदमी को पता है कि कहां गांजा मिल रहा है, शराब मिल रही है, लेकिन इसकी पुलिस को जानकारी नहीं है। हर पानठेले में गुटखा बिक रहा है। बडनेरा में सबसे ज्यादा प्रमाण कैंसर का है। शहर में अपराध का ग्राफ इतना क्यों बढ़ा है, इसका जवाब हम पुलिस प्रशासन से मांगने आए है। अपराधियों के हौसले बुलंद है। अपराधी को रोकने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।