

Highlights:
नागपुर में भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के कार्यालयों में आयोजित लेखापरीक्षा सप्ताह का समापन।
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने स्मार्ट वर्क, जवाबदेही और सुशासन पर दिया जोर।
पुलिस विभाग में सिक्योरिटी ऑडिट के महत्व और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता की आवश्यकता बताई।
पद्मश्री डॉ. रवींद्र कोल्हे ने सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में ऑडिट को महत्वपूर्ण बताया।
CAG Nagpur: भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) कार्यालय के नागपुर स्थित भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के कार्यालयों में मनाए जा रहे 'लेखापरीक्षा सप्ताह' का समापन हुआ। समापन समारोह में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल मुख्य अतिथि तथा पद्म श्री से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रवींद्र कोल्हे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
लेखापरीक्षा सप्ताह के दौरान नागपुर स्थित विभिन्न कार्यालयों द्वारा कई रचनात्मक और जन-उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए गए, पाटिल ने लेखापरीक्षा (ऑडिट) की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने सार्वजनिक प्रशासन में दक्षता, जवाबदेही और सक्रिय दृष्टिकोण अपनाते हुए 'स्मार्ट वर्क के माध्यम से सुशासन स्थापित करने पर जोर दिया। पाटिल ने पुलिस विभाग में 'सिक्योरिटी ऑडिट के महत्व को रेखांकित करते हुए एक केस स्टडी साझा की और बताया कि किस तरह ऐसे ऑडिट से की गई तैयारियां मुंबई आतंकी हमले जैसी चुनौतियों से निपटने में बेहद कारगर साबित हुई थीं। इसके साथ ही उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आगाह करते हुए सतर्कता और तत्परता की आवश्यकता बताई।
विशिष्ट अतिथि पद्म श्री कोल्हे ने मेलघाट के दुर्गम आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और कुपोषण मिटाने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करने में ऑडिट करें भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकानियों को अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य और कल्याण पर भी उचित ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व महालेखाकार दताप्रसाद शिरसाट ने अपने संबोधन में सप्ताह भर आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यय में वृद्धि, कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार और सार्वजनिक निजी भागीदारी के दौर में सार्वजनिक लेखापरीक्षा की भूमिका लगातार बदल रही है। पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ते हुए अब ऑडिट में डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा-आधारित तकनीकों को तेजी से अपनाया जा रहा है।