Amravati NICU Hospital Fire: महाराष्ट्र के अमरावती जिले से बड़ी खबर सामने आई है। अमरावती जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में आग लगने से 3 नवजात शिशुओं की झुलस कर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह आग तड़के करीब 3:30 बजे आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और सभी अंदर मौजूद मरीजों और बच्चों को बचाने की कोशिश में जुट गए।
बताया जा रहा है कि आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर लगी। महिला जिला अस्पताल में मौजूद एक वेंटिलेटर में जोरदार धमाके के बाद आग लगी। यह वहीं जगह थी, जहां 39 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था। डॉक्टर्स और नर्सों ने तत्काल सभी बच्चों को वहां से बाहर निकालने की कोशिश की।
इस जद्दोजहद में डॉक्टर्स और नर्सों ने कई बच्चों को बचा लिया। लेकिन 3 बच्चों की मौत हो गई। डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि छह नवजात शिशुओं को आगे के इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
उधर, नवजात शिशु कक्ष में आग लगने के कारण मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि आग अस्पताल के लिए कक्षों तक नहीं फैली।
घटना के बाद बच्चों के इलाज की देखरेख कर रहे जिला सिविल सर्जन डॉ. विनोज पवार ने बताया कि कुछ बच्चों को पीडीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग और उसके कारणों के बारे में पूरी जानकारी पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इससे पहले छिंदवाड़ा से भी एक जिला अस्पताल में आग लगने की खबर सामने आई थी। जिला अस्पताल के एनआईसीयू में देर रात शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी। प्लग में स्पार्किंग के बाद 3 नवजात शिशु आग की चपेट में आ गए थे। जब उन्हें इलाज के लिए जबलपुर ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में 1 नवजात बच्ची की मौत हो गई थी। इस तरह की घटना जिला अस्पताल में सुविधाओं की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े करती है।