Amravati Teacher Constituency Election 2026: अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस उम्मीदवार प्रा. आदिती पोहरे के प्रचारार्थ आयोजित भव्य शिक्षक सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की। इस दौरान नेताओं ने शिक्षक मतदाताओं से आदिती पोहरे को समर्थन देने की अपील की।
सम्मेलन में पूर्व मंत्री हर्षवर्धन देशमुख, पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर, पूर्व मंत्री सुनील देशमुख तथा वरिष्ठ नेता दिलीप एडतकर ने शिक्षकों को संबोधित किया। अमरावती ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, मनपा के विपक्षी नेता विलास इंगोले, अमरावती शहर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत और जयश्री वानखड़े सहित शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे। विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक भी सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अपने प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार को गति देने का संदेश दिया।
विदर्भ माध्यमिक शिक्षक संघ (विमाशि) के प्रत्याशी दिलीप कडू ने विभागीय आयुक्त एवं चुनाव अधिकारी नयना गुंडे के समक्ष समर्थकों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। विधायक संजय खोडके समेत बड़ी संख्या में शिक्षक पदाधिकारी, समर्थक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कडू ने कहा कि शिक्षकों की पुरानी पेंशन, सेवा संबंधी समस्याओं, वेतन, पदोन्नति और अन्य लंबित मांगों को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की आगामी चुनावी जंग में युवा स्वाभिमान पार्टी ने भी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के पास करीब पांच प्रमुख दावेदारों ने उम्मीदवारी के लिए संपर्क किया है।
इनमें मनपा की शिक्षा सभापति एड. प्रीति रेवणे, मनपा गुटनेता एवं पार्षद प्रा. नाना आमले, शिक्षण संस्थानिक तथा मोर्शी पंचायत समिति की पूर्व उपसभापति सोनाली नवले, आंबेडकरी आंदोलन के कार्यकर्ता सोपान कांबले और पार्षद प्रा. प्रशांत वानखड़े के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। पार्टी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में सभी दावेदारों की राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता का जायजा लिया गया। अध्यक्षता युवा स्वाभिमान पार्टी के सुनील राणा ने की। राष्ट्रीय सचिव जयंत वानखड़े सहित पार्टी के पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।