Bodna School Bus Accident: टर्निंग पर अनियंत्रित होने से स्कूल बस पेड से टकरा गई। इस हादसे में कुछ बच्चे मामूली जख्मी हुए है। यह घटना शुक्रवार की सुबह चांदूर रेलवे रोड स्थित बोडना गांव के पास घटित हुई। हादसे के समय बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जिनमें से कुछ बच्चों को चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमएच-27/ए-9852 चांदूर रेलवे रोड स्थित एक्सल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की है। बस बोडना गांव से बच्चों को लेकर स्कूल के लिए रवाना हुई थी। तपोवनेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर टर्निंग के दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई। जिससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। मोड़ लेने के बजाय बस सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद यह बात सामने आई है कि इस रूट पर नियमित बस चलाने वाला चालक आज छुट्टी पर था। उसकी जगह दूसरे रूट के चालक को भेजा गया था, जिसे इस रास्ते के मोड़ और दिशा का सटीक अंदाजा नहीं था। हालांकि, दुर्घटना का असली कारण पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
हादसे की सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बस की तकनीकी स्थिति, फिटनेस सर्टिफिकेट और चालक के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। मासूम बच्चों से भरी बस के इस तरह दुर्घटनाग्रस्त होने से एक बार फिर स्कूल बसों की नियमित तकनीकी जांच और मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है।