

Jishnu Dev Varma Aaditya Thackeray Meeting: महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की परीक्षा में कथित पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात कर पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर छात्रों से जुड़े इस मुद्दे पर अपनी मांगें राज्यपाल के सामने रखीं।
आदित्य ठाकरे ने MPSC के अध्यक्ष और सचिव के तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर छात्रों के बीच पैदा हुए सवालों का समाधान जरूरी है। उनके मुताबिक, छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। मामले की जिम्मेदारी तय करने के लिए संबंधित अधिकारियों को उनके पदों से हटाना जरूरी है।
आदित्य ठाकरे ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष न्यायालयीन जांच कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कथित पेपर लीक और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
उनका कहना है कि न्यायिक जांच के जरिए पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जा सकती है।
इसी दिन कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने भी राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने MPSC पेपर लीक के मुद्दे के साथ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की। पटोले ने राज्यपाल के समक्ष OBC समाज से जुड़े मुद्दों और किसानों की समस्याओं को भी उठाया।
MPSC परीक्षा को लेकर छात्रों की नाराजगी के बीच विपक्षी नेताओं की राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात के बाद मामला और राजनीतिक रूप से गरमा गया है। एक ओर छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं विपक्ष मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का दबाव बना रहा है। अब सरकार और आयोग की ओर से इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर है।