Amravati Police Constable Death: अमरावती जिले के वडाली परिसर की गुरुकृपा कॉलोनी में बुधवार को सिटी कोतवाली में कार्यरत पुलिस हेड कांस्टेबल अमित उदयभान खंडारे (40) व्दारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की खबर से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। घटना के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अमित खंडारे का 19 जून को ट्रैफिक शाखा से सिटी कोतवाली में तबादला हुआ था। इसके बाद 22 जून को उन्हें पुलिस मुख्यालय में रिफ्रेशर कोर्स के लिए भेजा गया था। वे गुरुकृपा कॉलोनी स्थित मकान की पहली मंजिल पर पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। उनके परिवार में मां सत्यभामा,पत्नी शुभांगी, बेटी अनुष्का (14) और बेटा अद्विक (10) हैं। घटना से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह उनकी शिक्षिका पत्नी करीब 7.30 बजे बच्चों के साथ स्कूल के लिए रवाना हुई थीं। उनकी मां मकान के नीचले हिस्से में रहती है, जिसके कारण घर के उपरी हिस्से में अमित अकेले ही थे। ऐसा माना जा रहा है कि सुबह 7.30 से 8 बजे के बीच उन्होंने पत्नी के स्कॉर्फ से फंदा बनाकर फांसी लगाने का घातक कदम उठाया। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी सामने आने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर आवश्यक पंचनामा किया है। फ्रेजरपुरा पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वही घटना की खबर मिलते ही पुलिस आयुक्त राकेश ओला अपने पूरे दल बल के साथ घटना स्थल व शव विच्छेद कक्ष पर परिवार जनों से मिले। उन्होंने मामले को लेकर फ्रेजरपुरा थाने के अधिकारियो को निर्देश भी दिए। वही इस घटना की चर्चा दिन भर शहर के विभिन्न चौराहों पर चलती रही।