Highlights:
दिवाली अभियान के तहत अमरावती के मां भगवती मिठाई व फराल कारखाने पर अन्न एवं औषधि प्रशासन ने औचक छापा मारा।
जांच में कारखाना बिना वैध लाइसेंस के संचालित होने का खुलासा हुआ। अधिकारियों ने तत्काल व्यवसाय बंद करने का नोटिस जारी किया।
कार्रवाई में 70 किलो शेव नमकीन जब्त की गई, जिसकी कीमत 18,750 रुपये बताई गई है।
Amravati FDA Action: दीवाली के पावन पर्व पर शहरवासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ अन्न एवं औषधि प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू किया है। दिवाली अभियान के तहत शहर के मेसर्स मां भगवती मिठाई व फराल कारखाना नामक प्रतिष्ठान पर औचक छापा मारा गया।
जांच के दौरान प्रतिष्ठान में भारी अनियमितताएं और बिना लाइसेंस कारोबार पने का मामला सामने आया, जिसके बाद अन्न सुरक्षा अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों रुपए का मिलावटी माल जब्त किया है। अन्न सुरक्षा अधिकारी अदिति देशमुख के नेतृत्व में यह जांच कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से गुणवत्ता की जांच के लिए शेव नमकीन, रसगुल्ला और पेढा के अन्न नमूने विश्लेषणास्तव लैब टेस्टिंग के लिए जब्त किए।
जानकारी के अनुसार जांच के दौरान शेव और रसगुल्ले का स्टॉक मानक स्तर का नहीं पाया गया। अधिकारियों ने कम दर्जे और मिलावटयुक्त होने के पुख्ता संदेह के आधार पर भारी मात्रा में स्टॉक जब्त किया है। जिसमें शेव नमकीन 70 किलो कीमत 18 हजार 750 रूपए तथा रसगुल्ला कीमत 8 हजार 400 रूपए का समावेश है। अधिकारियों ने दोनों संशयित सामग्रियों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
कार्रवाई के दौरान सबसे चौकाने वाली बात यह सामने आई कि यह मिष्ठान एवं फराल कारखाना बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर अन्न सुरक्षा अधिकारी अदिति देशमुख ने तत्काल प्रभाव से उक्त फर्म को अपना व्यवसाय बंद करने का सख्त नोटिस जारी किया है।
त्योहारों के सीजन में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और आम जनता के स्वास्थ्य को खतरे में डालते हैं। इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयों से अमरावती के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन में नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।