24 घंटे में डबल मर्डर सोर्स: सोशल मीडिया
अमरावती

अमरावती में 24 घंटे में 2 मर्डर, खल्लार में पड़ोसी ने ली जान, तो गाडगेनगर में इंजीनियर बेटे ने की मां की हत्या

Amravati Double Murder Cases: अमरावती जिले में 24 घंटे के भीतर दो हत्याएं। नालवाड़ा में 45 वर्षीय युवक की हत्या, गाडगेनगर में 65 वर्षीय महिला की मौत के मामले में बेटे को गिरफ्तार किया गया।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • अमरावती जिले में 24 घंटे के भीतर हत्या की दो घटनाएं।

  • नालवाड़ा में 45 वर्षीय दीपक उमेकर की धारदार हथियार से हत्या।

  • हत्या के मामले में एक वयस्क और एक नाबालिग आरोपी गिरफ्तार।

  • गाडगेनगर में 65 वर्षीय रंजना कानफाडे की हत्या का आरोप बेटे पर।

  • मां की हत्या के बाद आरोपी बेटे ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया।

Amravati Double Murder Crime News: अमरावती जिले में 24 घंटे के भीतर हत्या की दो घटनाएं सामने आई हैं। खल्लार थाना क्षेत्र के नालवाड़ा में पुरानी रंजिश के चलते 45 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वहीं, गाडगेनगर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद 65 वर्षीय महिला की उसके आईटी इंजीनियर बेटे ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। एक घटना में पड़ोसी और उसके नाबालिग साथी पर हमला करने का आरोप है, तो दूसरी में आईटी इंजीनियर बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां का गला घोंट दिया।

पुरानी रंजिश में पड़ोसी की हत्या

अमरावती खल्लार थाना क्षेत्र के नालवाड़ा गांव में दीपक आत्माराम उमेकर (45) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, दीपक अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी पिछले करीब 10 वर्षों से अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही हैं, जबकि उनकी वृद्ध मां अपनी बेटी के पास रहती हैं।

पुलिस के अनुसार, रात में जब दीपक सो रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले सुमित हिरामण दांडगे और उसके नाबालिग मौसेरे भाई ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दीपक की मौत हो गई।

पुलिस पाटिल आशीष गावंडे से सूचना मिलने के बाद खल्लार पुलिस मौके पर पहुंची। थानेदार अमोल मुडे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। ग्रामीण अपराध शाखा ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच खल्लार पुलिस कर रही है।

मामूली विवाद के बाद मां की हत्या

दूसरी घटना अमरावती शहर के गाडगेनगर थाना क्षेत्र के गजाननधाम, राजपूत ढाबा परिसर की है। यहां 65 वर्षीय रंजना सतीश कानफाडे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने उनके बेटे तुषार कानफाडे को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तुषार आईटी इंजीनियर है और एक कंपनी में काम करता है। मां-बेटे घर में साथ रहते थे। शनिवार सुबह किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तुषार ने अपनी मां का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

इसके बाद तुषार खुद गाडगेनगर पुलिस थाने पहुंचा और मां की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव और उनकी टीम ने घटनास्थल का पंचनामा किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तुषार ने मां के साथ बातचीत को लेकर विवाद होने की बात कही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

CJP Protest: प्रिवेंटिव कस्टडी में अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास, आज मजिस्ट्रेट के सामने पेशी

Weather Today: मानसून की वापसी तेज, अंडमान-निकोबार में भारी बारिश के आसार, तटीय इलाकों में उमस बढ़ेंगी

पेपर लीक अब एक रोग बन गया है, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का बड़ा बयान, इसे रोकने सरकारें उठा रही बड़े कदम

NIA ने फ्लाईदुबई घटना की जांच के लिए केस दर्ज किया, ओमानी को-पायलट को बनाया गया आरोपी

आज फिर सुबह 10 बजे जंतर-मंतर लौटेगा CJP, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा प्रदर्शन