Amravati Crime News: राजापेठ थाना क्षेत्र के बेलपुरा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों द्वारा एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार संतोष रमेश भाटी (35, बेलपुरा) और आरोपी राज कुरील व आशिष कुरील एक ही इलाके के निवासी हैं। आरोपियों की संतोष के छोटे भाई अजय रमेश भाटी (33) के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना एक दिन पहले बेलपुरा चौक पर आरोपियों ने अजय के साथ पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज और झगड़ा किया था। उस समय संतोष ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया था और अपने भाई को घर ले आया था।
अगले दिन अजय किसी काम से बेलपुरा चौक गया था। वहां फिर से दोनों आरोपियों ने उससे विवाद किया। संतोष का भांजा तुषार ठाकुर अजय को समझा-बुझाकर घर वापस ला रहा था, तभी दोनों आरोपी राज और आशिष हथियार लेकर उनके पीछे-पीछे घर तक पहुंच गए।जैसे ही अजय घर का लोहे का गेट खोल रहा था, दोनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जब संतोष घर से बाहर निकला, तब आरोपी राज ने अपने हाथ में लिए कोयते से जान से मारने की नीयत से अजय के माथे और सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार किया।
आरोपी आशिष ने अपने पास मौजूद चाकू से अजय के दाहिने कंधे और पीठ के पास हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में अजय गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। संतोष को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद संतोष ने डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस वाहन की मदद से गंभीर रूप से घायल अजय को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल में संतोष भाटी की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।