Akola Bride Accident News:महाराष्ट्र के अकोला जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नवविवाहिता के स्वागत की तैयारियां पल भर में चीख में बदल गईं।
लोकमान्य नगर की शिवसेना वसाहत निवासी पूजा वागलकर का विवाह अभी दो दिन पहले ही गुजरात के वापी में संपन्न हुआ था। घर में नई बहू के आगमन को लेकर उत्सव का माहौल था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। वापस लौटते समय जलगांव-खानदेश के वरणगांव रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को ऐसा जख्म दिया है जिसकी भरपाई नामुमकिन है।
गवाहों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना उस समय हुई जब पूजा और उसका परिवार क्रूजर वाहन से गुजरात से अकोला की ओर आ रहा था। सफर के दौरान वरणगांव रोड पर अचानक क्रूजर का एक टायर निकल गया, जिससे वाहन पूरी तरह अनियंत्रित हो गया। रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन को संभाल नहीं सका और क्रूजर सीधे सड़क किनारे खड़े एक विशाल ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए।
इस दर्दनाक हादसे में नववधू पूजा वागलकर, उसके चाचा जगदीश और मामा दत्ता भागवत की मौके पर ही मौत हो गई। विवाह के पवित्र बंधन में बंधी पूजा के लिए यह सफर उसके जीवन का अंतिम सफर साबित हुआ। वाहन में सवार अन्य लोग आकाश, प्रेम, जय, यश वागलकर और नितिन कडोले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का उपचार अकोला के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय (GMC) में चल रहा है, जहाँ कुछ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:-अकोला: 16 मई से शुरू होगी घर-घर जनगणना, मनपा आयुक्त सुनील लहाने ने नागरिकों से सटीक जानकारी देने की अपील की
जैसे ही पूजा और उसके परिजनों की मौत की खबर अकोला के लोकमान्य नगर पहुंची, वहां खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। जिस घर को फूल और मालाओं से सजाया गया था, वहां अब सिसकियों की आवाजें गूंज रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पूजा एक मिलनसार लड़की थी और उसके विवाह को लेकर पूरा मोहल्ला उत्साहित था। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।