Madhya Pradesh Weather: मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है। बीते 24 घंटों में भोपाल सहित 30 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बैतूल में 85 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चली, जो इस सीजन की सबसे तेज हवा रही। मौसम विभाग के मुताबिक अशोकनगर में 72 किमी/घंटा, सीहोर में 68 किमी/घंटा, गुना-शिवपुरी में 61 किमी/घंटा और भोपाल व शहडोल में 57 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलीं।
विभाग ने रविवार के लिए 42 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है सतर्क और तैयार रहना। यह चेतावनी तब जारी की जाती है, जब भारी बारिश, ओलावृष्टि या तेज आंधी के कारण जनजीवन और संपत्ति को नुकसान होने की आशंका रहती है। इसका उद्देश्य प्रशासन और आम लोगों को पहले से आगाह करना होता है, जिससे वह समय रहते जरूरी सुरक्षा उपाय कर सकें।
बता दें कि जिन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उनमें 6 जिले शामिल हैं, इससे पहले भी कई बार यह अलर्ट जारी किया जा चुका है। इन जिलों में भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और रीवा शामिल है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मध्य प्रदेश में आमतौर पर मई महीने में भीषण गर्मी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मई की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन, यानी 6 मई तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो ट्रफ सिस्टम सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है।
यह भी पढ़ें: 22 साल का लड़का कर रहा था अवैध तस्करी, उज्जैन पुलिस ने दबोचा, 1 करोड़ की बीयर खेप को किया जब्त
अगर राजधानी भोपाल में मई महीने के मौसम का ट्रेंड देखें तो पिछले 10 सालों में यहां तेज गर्मी के साथ-साथ बारिश भी देखने को मिली है। वर्ष 2016 में तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अब तक का रिकॉर्ड है। वहीं, इस महीने में बारिश का सिलसिला भी बना रहा है। 2014 से 2023 तक हर साल मई में बारिश दर्ज की गई है, जिसमें 2021 और 2023 में 2 इंच से अधिक वर्षा हुई। इस बार भी मई में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।