Rahul Gandhi Ujjain Visit September: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सितंबर में उज्जैन दौरे का प्रस्ताव सामने आया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी उज्जैन संभाग में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर सकते हैं।
दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभी राहुल गांधी के उज्जैन आने की तारीख आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है।
प्रस्तावित कार्यक्रम में केवल उज्जैन जिले के कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि पूरे उज्जैन संभाग से कांग्रेस पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं। बैठक में जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मंडलम अध्यक्ष, ग्राम पंचायत अध्यक्ष, बीएलए-2 तथा संगठन सृजन के तहत नियुक्त अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को शामिल किए जाने की तैयारी है।
राहुल गांधी के संभावित कार्यक्रम के लिए उज्जैन के क्षीरसागर मैदान और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही होगा। स्थल तय होने के बाद कांग्रेस की ओर से डोम, बैठक व्यवस्था, मंच और अन्य आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में जुटे हैं। पार्टी संगठन इसे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के बड़े अवसर के रूप में देख रहा है।
प्रस्तावित बैठक में राहुल गांधी जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। संगठन सृजन के तहत नियुक्त पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी ली जा सकती है। वहीं राहुल गांधी के उज्जैन दौरे के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि मंदिर दर्शन कार्यक्रम से पहले होगा या बाद में, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल कांग्रेस संगठन तारीख और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहा है।