उज्जैन शहर के बड़नगर जनपद अध्यक्ष के पति पर पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप के आरोप।
जनपद सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की उठाई मांग।
पांच महीने पहले राशि स्वीकृत होने के बाद भी काम शुरू नहीं होने का दावा।
Corruption Allegations In Ujjain Badnagar Panchayat: मध्य प्रदेश के उज्जैन की जनपद पंचायत बड़नगर की सियासत में इन दिनों भूचाल आया हुआ है। दरअसल, जनपद अध्यक्ष निर्मला बाई के पति उमराव सिंह राठौड़ पर पंचायत के कामकाज में अवैधानिक हस्तक्षेप, कमीशनखोरी और पद के रौब के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि वार्ड क्रमांक 23 के ही जनपद सदस्य जुझार सिंह राठौर और भरत चौहान ने लगाए हैं। उन्होंने पंचायत के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कलेक्टर को शिकायती आवेदन और ज्ञापन भी सौंपा है। साथ ही उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
दरअसल, इस मामले में शिकायतकर्ताओं ने सीधे तौर पर पतिराज और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। जनपद सदस्यों का आरोप है कि जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति उमराव सिंह शुरू से ही पंचायत कार्यों में दखल देते हैं और जब उनसे राशि जारी करने की मांग की जाती है तब वह हमसे कमीशन मांगते हैं।
जनपद सदस्य भरत चौहान ने यह भी दावा किया कि उज्जैन शहर कुलावदा गांव में पांच महीने पहले राशि स्वीकृत होने के बाद भी अब तक काम शुरू नहीं हो सका। भरत चौहान ने गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि एक सरपंच से कथित तौर पर एक लाख रुपये लिए जाने की चर्चा के बाद वीडियो जारी कर इनकार किया गया, जिसके सबूत उनके पास होने का दावा किया गया है।
वहीं दूसरे जनपद सदस्य जुझार सिंह राठौर ने गंभीर आरोप जड़ते हुए कहा कि जनपद में कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। राशि में कटौती की जा रही है और खुलेआम सरपंचों से पैसा वसूला जा रहा है। राठौर का दावा है कि इसी कथित कमाई से प्रॉपर्टी बनाई जा रही है, ऐश किया जा रहा है, मध्य प्रदेश शासन लिखी गाड़ी में घूमा जा रहा है और उस पर कथित रूप से हुटर लगाकर रुतबा दिखाया जा रहा है।
जनपद सदस्यों ने मांग उठाई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, स्वीकृत राशि और रुके कार्यों की भी पड़ताल हो साथ ही पद के दुरुपयोग और आर्थिक अनियमितताओं पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
जुझार सिंह राठौर ने साफ कहा कि महिला अध्यक्ष के पद की आड़ में चल रहे इस रिश्वतखोरी के धंधे पर दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए, वरना वह आगे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे।