ट्राली पलटने के बाद राहत-बचाव अभियान में लगे लोग, फोटो- सोशल मीडिया 
मध्य प्रदेश

खंडवा में दुखदाई हुआ दशहरा, दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा; तालाब में पलटा ट्रैक्टर, 11 की मौत

Madhya Pradesh के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिर गई। हादसे में 8 बच्चियों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। राहत-बचाव कार्य जारी है।

प्रतीक पाण्डेय

Dussehra 2025: विजयादशमी के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई, जिससे 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह दर्दनाक हादसा खंडवा के पंधाना क्षेत्र के ग्राम जामली में हुआ। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए ग्रामीण श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तालाब की ओर जा रहे थे। इस दौरान असंतुलित होकर ट्रॉली तालाब में गिर गई। ट्रॉली में सवार कई लोग गहरे पानी में डूब गए।

अब तक 11 शव निकाले गए, कई अब भी लापता

इंदौर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने बताया कि अब तक 11 शव तालाब से बाहर निकाले जा चुके हैं, जिनमें 8 बच्चियां शामिल हैं। कई अन्य के डूबने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर

पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ-साथ राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय गोताखोर लगातार तालाब में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। SDRF की एक अतिरिक्त टीम को भी मौके पर रवाना किया गया है ताकि बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके। आईजी अनुराग ने बताया कि हादसे के बाद कुछ श्रद्धालु खुद तैरकर तालाब से बाहर निकल आए, जिनकी स्थिति स्थिर है। हादसे की असली वजह की जांच की जा रही है, हालांकि ट्रॉली का ओवरलोड होना संभावित कारण माना जा रहा है।

सीएम मोहन यादव ने जताया शोक, मुआवजा घोषित

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि खंडवा और उज्जैन में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने देवी दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

अब नहीं जाएंगे जंतर-मंतर...रिहाई के लिए सौरव दास और आशुतोष रांका ने क्या-क्या वादे किए?

अजेय रणनीतिकार: चुनावी रिकॉर्ड से लेकर बूथ मैनेजमेंट तक, कैसे काम करती है अमित शाह की रणनीति?

Amit Shah Nickname: बचपन में अमित शाह को किस नाम से बुलाते थे? पढ़ें दिलचस्प किस्सा

एपस्टीन के साथ हरदीप पुरी की नई फोटो रिलीज, राहुल गांधी ने पूछा- किस गद्दार को ब्लैकमेल कर रहे हैं?

India Chem 2026: बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे उद्घाटन