Highlights:
शिवपुरी में रात 1 बजे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची महिला।
10 दिनों से नींद नहीं आने की बताई परेशानी।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी समाधान नहीं मिलने का दावा।
थाने में हथकड़ी उठाकर ले जाने लगी, पुलिस ने समझाकर शांत कराया।
Shivpuri Woman Reaches Police Station at Night : शिवपुरी जिले में एक महिला आधी रात को अपनी शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंच गई। रात करीब 1 बजे भौंती थाने पहुंची महिला पुलिसकर्मियों से रिपोर्ट दर्ज करने की जिद करने लगी।
उसका कहना था कि पिछले 8 से 10 दिनों से उसे नींद नहीं आ रही है और इस परेशानी की शिकायत वह सीएम हेल्पलाइन पर भी कर चुकी है। वहां से समाधान नहीं मिलने पर अब वह पुलिस के पास पहुंची थी।
महिला ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उसकी रिपोर्ट तत्काल लिखी जाए। इसी दौरान उसने थाने में रखी हथकड़ी उठा ली और उसे लेकर जाने लगी। अचानक हुई इस हरकत से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। उन्होंने महिला को समझाकर शांत कराया और उसकी परेशानी जानने की कोशिश की।
बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि वह कई दिनों से सो नहीं पा रही है। इस समस्या को लेकर उसने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी, लेकिन राहत नहीं मिलने पर वह अपनी बात पुलिस तक पहुंचाने थाने आ गई। महिला की परेशानी को देखते हुए पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया।
थाना प्रभारी घनश्याम धाकड़ के मुताबिक, परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला की मानसिक स्थिति में उतार-चढ़ाव रहता है और उसका इलाज चल रहा है। पहले भी वह इस तरह की असामान्य हरकतें कर चुकी है। कभी उसकी तबीयत सामान्य रहती है, तो कभी उसकी स्थिति बिगड़ जाती है। शिवपुरी पुलिस ने परिजनों को उसकी देखभाल करने और इलाज जारी रखने की समझाइश दी। इसके बाद महिला को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
मनोचिकित्सक डॉ. योगेंद्र रघुवंशी के अनुसार, कई दिनों तक नींद नहीं आना सिर्फ थकान या दिनचर्या बिगड़ने का नतीजा नहीं होता। तनाव, चिंता, अवसाद, दवाओं के असर या दूसरे शारीरिक और मानसिक कारणों से भी ऐसी परेशानी हो सकती है। लंबे समय तक नींद पूरी नहीं होने से सोचने-समझने की क्षमता, व्यवहार और भावनात्मक संतुलन प्रभावित हो सकता है।
डॉ. रघुवंशी ने बताया कि ऐसी परेशानी होने पर विशेषज्ञ से जांच और उचित परामर्श लेना जरूरी है। केवल लक्षणों के आधार पर किसी मानसिक बीमारी का निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। महिला के मामले में भी परिजनों ने इलाज जारी होने की जानकारी दी है।