Highlights :
सीहोर सचिन वर्मा मर्डर कांड में बड़ा खुलासा।
अल्फा प्रोटीन का सिक्योरिटी गार्ड निकला हत्यारा।
पुलिस के मुताबिक 12 बोर की बंदूक से मारी गई थी गोली।
Sehore Sachin Verma Murder Case Revealed : सीहोर जिले के भाऊंखेड़ी क्षेत्र में हुए सचिन वर्मा मर्डर कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। मामले में अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में तैनात सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा गार्ड ने अपनी 12 बोर की बंदूक से सचिन वर्मा को गोली मारी थी।
उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बंदूक भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की भी भूमिका की जांच कर रही है।
सचिन वर्मा की हत्या के बाद भाऊंखेड़ी और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। आरोपी की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने रात और अगली सुबह हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था। और इस के चलते ही यातायात प्रभावित होने लगा था। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों ने मामले की जांच तेज की और सबूत जुटाने में लगी रहीं।
सीहोर जिले के भांऊखेड़ी क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले बहुचर्चित घटना में पुलिस की जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर शक अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड पर गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार शुरुआत में आरोपी गार्ड ने गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने मर्डर करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वारदात वाले दिन उसने 12 बोर की बंदूक से सचिन वर्मा को गोली मारी थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल की गई 12 बोर की बंदूक जब्त कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से हत्या के पीछे के कारणों और संभावित साजिश में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा कर सकती है।