

Highlights:
सीहोर के इछावर में युवक की हत्या।
बदमाशों ने गोली मारकर की युवत की हत्या।
हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम।
Sehore Murder Case Highway Blockade by Villagers : सीहोर के इछावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भाऊखेड़ी में बीती रात एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
न्याय और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराज ग्रामीणों ने भाऊखेड़ी रोड के पास इछावर-सीहोर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक बीती रात ग्राम भाऊखेड़ी में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही सुबह गांव और आसपास के क्षेत्र में फैली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और मुख्य मार्ग पर एकत्रित हो गए।
सीहोर में हत्या की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराते हुए इछावर-सीहोर हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और दिनदहाड़े या रात के अंधेरे में इस तरह की संगीन वारदातें होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। जब तक ठोस आश्वासन और गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज नहीं होती तब तक वे प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े रहे।
चक्काजाम और संभावित तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इछावर थाने की पुलिस टीम के अलावा आसपास के अन्य दो थानों का पुलिस बल भी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल व हाईवे पर मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देने और यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल सीहोर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की तलाश के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद ग्राम भाऊखेड़ी और आसपास के क्षेत्रों में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।