सीहोर में एसपी बंगले के पास हत्या कांड।
दो पक्षों के बीच हुई लड़ाई ने लिया हिंसक रूप, मौके पर ही हुई युवक की मौत।
इस खौफनाक हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल।
Murder Near SP Bungalow In Sehore: मध्य प्रदेश के सीहोर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। यहां मंडी चौराहा क्षेत्र स्थित मस्जिद के पास एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे सीहोर में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के सरकारी बंगले के करीब हुई।
इस घटना के पीछे वजह आपसी विवाद को बताया जा रहा है। जहां एक युवक पर छुरे से एक के बाद एक वार किए गए जिस वजह से उसकी जान चली गई। अब एसपी बंगले के पास हुई इस घटना ने कहीं न कहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, सीहोर जिले के मस्जिद के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। अचानक यह विवाद इतना भयानक हो गया कि एक पक्ष ने अपना आपा खो दिया और युवक पर छुरे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक मौके पर ही गिर गया और उसकी मौत हो गई।
इस वारदात की घटना मिलते ही मंडी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भी पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद सीहोर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
सीहोर में शहर के बीचों-बीच और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के निवास के पास हुए इस हत्या कांड ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब पॉश इलाकों के आसपास इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं तो आम लोगों का क्या? अब देखना होगा कि इस हत्या कांड में आगे क्या खुलासा होता है।