सीहोर में गर्भवती महिला संध्या मालवीय नियुक्ति के लिए भटकने को मजबूर।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायक चयन प्रक्रिया में संध्या ने तहसील स्तर पर पहला स्थान हासिल किया।
मेरिट में प्रथम आने के बावजूद महिला को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला।
महिला बाल विकास अधिकारी राशन कार्ड में गड़बड़ी बताकर नियुक्ति रोक रहे हैं।
Pregnant Woman Denied Anganwadi Job In Sehore: एक ओर जहां महिला एवं बाल विकास विभाग पर महिलाओं और शिशुओं के स्वास्थ्य तथा उनके अधिकारों की रक्षा की मुख्य जिम्मेदारी है, वहीं इसी विभाग की संवेदनहीन कार्यप्रणाली के कारण एक गर्भवती महिला को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
मामला सीहोर जिले की इछावर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोलूखेड़ी का है, जहां विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से एक योग्य महिला का भविष्य अधर में लटक गया है।
ग्राम गोलूखेड़ी निवासी संध्या मालवीय ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायक के पद के लिए आवेदन किया था। अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर उन्होंने चयन प्रक्रिया की मेरिट सूची में तहसील स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। चयन के सभी मानदंडों को पूरा करने के बावजूद इछावर ब्लॉक की महिला बाल विकास अधिकारी द्वारा उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा रहा है।
अधिकारियों द्वारा राशन कार्ड में मामूली गड़बड़ी का बहाना बनाकर संध्या मालवीय को लगातार परेशान किया जा रहा है और नियुक्ति से वंचित रखा जा रहा है। सबसे विडंबनापूर्ण बात यह है कि एक गर्भवती महिला, जिसे इस नाजुक दौर में विशेष देखभाल और मानसिक शांति की आवश्यकता है, उसे न्याय पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
अपनी इस पीड़ा और विभाग के अन्याय से तंग आकर गर्भवती संध्या मालवीय ने आखिरकार सीहोर जिले के कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में अपनी गुहार लगाई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र दिलाया जाए।
पीड़ित महिला ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो वे परिवार सहित कलेक्ट्रेट परिसर में ही शांतिपूर्ण आंदोलन और अनशन पर बैठने के लिए मजबूर होंगी। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या संज्ञान लेता है और कब तक पीड़ित गर्भवती महिला को उसका हक मिल पाता है।