जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक नारायण सिंह केसरी 'दादा' का निधन फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
सीहोर

एमपी की राजनीति में 'दादा' के नाम से लोकप्रिय रहे केसरी, आष्टा से जनसंघ विधायक के रूप में की थी शुरुआत

BJP Leader Narayan Singh Kesari : मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा सीट से जनसंघ के टिकट पर विधायक चुने गए थे और वर्ष 1975 से 1978 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

विजेंद्र सिंह राणा, शाजेब खान

Highlights :

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण सिंह केसरी का निधन।

  • मप्र के सीहोर जिले की आष्टा सीट से विधायक चुने गए थे।

  • जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे 'दादा'।

MP Senior BJP leader Narayan Singh Kesari Death : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल, जनसंघ के संस्थापक सदस्य और दो बार के पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण सिंह केसरी 'दादा' (धानुक जी) का निधन हो गया है। 22 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार माध्यमों के जरिए उनके निधन की दुखद सूचना सामने आई।

एमपी की राजनीति में 'दादा' के नाम से लोकप्रिय रहे केसरी । उनके निधन से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में थे शामिल

2 जुलाई 1929 को जन्मे नारायण सिंह केसरी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा संगठन निर्माण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और बाद में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य के रूप में भी उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। सादगी ईमानदारी और सिद्धांतों की राजनीति के लिए पहचाने जाने वाले केसरी कार्यकर्ताओं के बीच सदैव मार्गदर्शक की भूमिका में रहे।

आष्टा से विधायक बने, दो बार पहुंचे राज्यसभा

​उनका संसदीय और विधायी जीवन बेहद गौरवशाली रहा। वे मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा सीट से जनसंघ के टिकट पर विधायक चुने गए थे और वर्ष 1975 से 1978 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। आपातकाल के कठिन दौर में भी उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। इसके पश्चात, पार्टी ने उनकी निष्ठा और अनुभव को देखते हुए उन्हें दो बार राज्यसभा सांसद के रूप में उच्च सदन भेजा जहां उन्होंने मध्यप्रदेश और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य भी रहे

​विधायी जिम्मेदारियों के अलावा नारायण सिंह केसरी ने कई महत्वपूर्ण संवैधानिक और प्रशासनिक पदों को भी सुशोभित किया। वे राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य रहे और इस दौरान उन्होंने वंचित व शोषित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। साथ ही, उन्होंने मध्य प्रदेश में स्लम बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं जहां गरीब और झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई सकारात्मक पहल कीं।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

नारायण सिंह केसरी 'दादा' के निधन को भारतीय राजनीति और विशेष रूप से भाजपा परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, सरल स्वभाव और समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता को सदैव याद रखा जाएगा। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Explainer: भारत में विमानों की कमी क्यों, जब एयरलाइनों ने 1,000 से ज्यादा जेट ऑर्डर कर रखे हैं?

बालेन शाह पहुंचे भारत, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू के लिए लाए खास उपहार; क्यों है खास दौरा?

विधायक के PA की पत्नी हारीं चुनाव, गांव से हटवा दी गईं 50 स्ट्रीट लाइटें; ग्रामीण नाराज

कौन थे रामराव वडकुते? जिनके निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने में निभाई भूमिका

4 गुना फंड और 3 एयरपोर्ट, अमित शाह ने अरुणाचल की तरक्की का बताया हिसाब, कहा- बाहर से नहीं आएगा दूध-अंडा और मास