Highlights :
देवउठनी एकादशी पर सीहोर कुबेरेश्वर धाम में विशेष तुलसी पूजन।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित प्रदीप मिश्रा ने किया पूजन।
तुलसी महारानी को श्रृंगार अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया।
कुबेरेश्वर धाम को फूलों और रंगोली से सजाया गया।
Kubereshwar Dham Tulsi Pujan : एमपी में देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के पावन अवसर पर सीहोर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कुबेरेश्वर धाम में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल रहा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान के साथ माता तुलसी का विशेष पूजन अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने तुलसी महारानी को श्रृंगार अर्पित किया दीप प्रज्वलित किया और भगवान श्रीहरि विष्णु का आह्वान किया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
परंपरा और सनातन संस्कृति के अनुरूप आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पंडित प्रदीप मिश्रा ने पूर्ण श्रद्धा भक्ति के साथ तुलसी महारानी को श्रृंगार अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया और भगवान श्रीहरि विष्णु का आह्वान कर उनका दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं और इसी दिन से सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।
इस विशेष महत्व को देखते हुए कुबरेश्वर धाम परिसर को फूलों और रंगोली से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
सीहोर जिले में पूजन के दौरान कुबरेश्वर धाम का संपूर्ण वातावरण शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और भगवान विष्णु व माता तुलसी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस अलौकिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधक धाम परिसर में उपस्थित रहे।
पूज्य गुरुदेव की उपस्थिति और उनके द्वारा किए गए पूजन से समूचा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति रस से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने भी भगवान श्रीहरि और तुलसी माता के दर्शन कर अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस पावन अवसर पर विठलेश सेवा समिति एवं कुबरेश्वर धाम परिवार की ओर से समस्त देशवासियों और सनातन धर्म प्रेमियों को देवउठनी एकादशी एवं तुलसी पूजन की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। साथ ही सभी के जीवन में सुख शांति उत्तम स्वास्थ्य और भगवान श्रीहरि विष्णु की असीम कृपा बनी रहने की मंगलकामना की गई। पर्व के उपलक्ष्य में धाम में दिनभर भजन कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा जिससे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।