सागर में शराब दुकानों के बाहर शराब खरीदने वालों का हेल्थ चेकअप।
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. सर्वेश जैन ने उठाए सवाल।
डॉ. जैन बोले- क्या डॉक्टरों ने शराब खरीदने वालों की जांच करने के लिए पढ़ाई की है?
Professor Raise Question Liquor Shop Health Checkup: मध्य प्रदेश के सागर में शराब के ठेको यानी कलारी के बाहर डॉक्टरों की तैनाती को लेकर विवाद शुरू हो गया है। जिला प्रशासन की इस अनोखी पहल पर शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों का हेल्थ चेकअप कराया जा रहा है। साथ ही ब्लड सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
इस पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. सर्वेश जैन ने सवाल उठाए और पूछा कि क्या डॉक्टरों ने इसी काम के लिए पढ़ाई की थी कि वह शराब खरीदने वालों की जांच करें और उन्हें शराब पीने की सलाह दें?
दरअसल, सागर जिले में रोज शराब पीने वाले और अधिक शराब पीने वाले लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की टीमें अलग-अलग शराब दुकानों के पास पहुंच रही हैं। यहां शराब खरीदने आने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। जरूरत के अनुसार ब्लड सैंपल लेकर शराब के सेवन से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
जिला प्रशासन की इस अनोखी पहल पर डॉ. सर्वेश जैन का मानना है कि शराब की लत और जहरीली शराब जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान केवल शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य जांच करने से नहीं होगा। इसके लिए प्रभावी नशामुक्ति केंद्र, बेहतर इलाज और प्रभावी काउंसलिंग की व्यवस्था जरूरी है।
जिला प्रशासन की इस पहल के पीछे सागर जिले में शराब से जुड़े गंभीर हादसे को वजह बताया जा रहा है। कुछ समय पहले जहरीली शराब पीने से करीब दो दर्जन लोगों की मौत हुई थी। वहीं, हाल ही में बंडा, सागर और देवरी में चार लोगों की गंभीर बीमारी के बावजूद शराब पीने या अधिक शराब सेवन की आदत के चलते मौत होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद बीमार और आदतन शराब पीने वाले लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया।