पुलिस गिरफ्त में अपहरणकर्ता फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
रीवा

रीवा में ढाई साल की बच्ची का अपहरण, आंगनबाड़ी से उठाकर 100 किमी दूर सीधी में छिपाया, 4 आरोपी गिरफ्तार

Rewa Crime News: रीवा में ढाई साल की बच्ची का आंगनबाड़ी केंद्र से अपहरण कर 100 किमी दूर सीधी में छिपाया गया। पुलिस ने CCTV और पूछताछ के आधार पर बच्ची को सकुशल बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अर्पित पाण्डेय, प्रीतेश जैन

Rewa Girl Kidnapping Case : रीवा में संतान की चाह में ढाई साल की मासूम बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। सामान थाना क्षेत्र के गडरिया मोहल्ले में बुधवार शाम आंगनबाड़ी केंद्र से बच्ची अचानक लापता हो गई। बच्ची के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गुरकरण सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी भावना मरावी सहित पुलिस टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने आंगनबाड़ी केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह भी जताया, जिसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में सीधी का मिला सुराग

मामले की जांच के दौरान पुलिस को बच्ची के सीधी जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम करीब 100 किलोमीटर दूर सीधी के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की खड्डी चौकी इलाके में पहुंची। पुलिस ने एक गांव में दबिश देकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। देर रात पुलिस बच्ची को लेकर रीवा पहुंची और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

संतान नहीं होने पर बनाई अपहरण की योजना

पुलिस के मुताबिक, पड़ोस की आंगनबाड़ी में बर्तन साफ करने वाली महिला केशकली कोल और उसके पति रविशंकर मालवीय ने कथित तौर पर बच्ची के अपहरण की योजना बनाई थी। पूछताछ में सामने आया कि दंपती की कोई संतान नहीं है और संतान की चाह में उन्होंने बच्ची को अगवा करने की साजिश रची।

बाइक से बच्ची को सीधी ले गए

रीवा पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम आरोपी बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर बाइक से सीधी जिले पहुंचे। वहां उन्होंने बच्ची को अपने रिश्तेदार रीनू रावत के घर छोड़ दिया और खुद वापस रीवा लौट आए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की योजना बाद में बच्ची को अपने साथ ले जाने की थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस जांच में मामले का खुलासा हो गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अपहरण की पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बच्ची के सकुशल बरामद होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

एडिशनल एसपी ने बताया पूरा घटनाक्रम

एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि गडरिया बस्ती से ढाई साल की बच्ची के अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और साइबर टीम को सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर बच्ची के सीधी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, आज देशभर में विरोध मार्च; वेणुगोपाल ने इस्तीफे की मांग की

12 Years of Make in India: 2.40 लाख करोड़ का निवेश, 33 गुना बढ़ा मोबाइल प्रोडक्शन, जानें देश को कितना फायदा

दीनदयाल उपाध्याय की मौत हादसा या हत्या, नानाजी देशमुख ने क्यों कहा था राजनीतिक साजिश, जानिए क्या थी सच्चाई?

सरकार के खिलाफ बोलने पर एनकाउंटर में मारा जा सकता हूं, सोनम वांगचुक का बड़ा दावा; मांगा अमित शाह का इस्तीफा

राहुल गांधी का बड़ा आरोप, मध्य प्रदेश चुनाव 2023 से शुरू हुई थी वोट चोरी; तकनीकी टीम ने की पुष्टि!