Ratlam Muharram Procession Accident : रतलाम जिले के हतनारा गांव में मोहर्रम के जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ताजिया लेकर जा रहे श्रद्धालु उस समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जब ताजिए का ऊपरी हिस्सा बिजली के तार से छू गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, हतनारा गांव में मोहर्रम का पारंपरिक जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान ताजिया ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तेज करंट फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल करीब 12 लोग करंट की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं नौ अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एडिशनल एसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि करंट से झुलसे सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय मुस्लिम समाज के लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर वर्ष मोहर्रम जुलूस के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहते हैं और ताजिया निकलने के समय हाईटेंशन लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। इस बार भी लाइनमैन मौजूद थे, लेकिन बिजली बंद नहीं की गई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें : नवभारत की खबर का असर: सीवन नदी के घटिया निर्माण पर मचा बवाल, CMO बोले- ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि गांव के बीच से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन काफी नीचे है, जिससे बड़े वाहन भी आसानी से नहीं निकल पाते। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बिजली के पोल हटाकर लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।