इंदौर: MGM मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में पीजी डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, हत्या या आत्महत्या?

MGM Medical College Doctor Death: इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में पीजी डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
Indore MGM Medical College Doctor Death
मृतक पीजी डॉक्टर, फाइल फोटो
Published on: 
Updated on: 

Indore Doctor Death Case: एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात एक पीजी डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद परिसर में मिला। घटना के बाद कॉलेज और हॉस्टल परिसर में सनसनी फैल गई। पुलिस आत्महत्या और हादसे, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान डॉ. अमन पटेल (30) निवासी जबलपुर के रूप में हुई है। वह मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के 2023 बैच के पीजी स्टूडेंट थे और कुछ महीनों में उनका पीजी कोर्स पूरा होने वाला था। उन्होंने जबलपुर एमबीबीएस की पढ़ाई से की थी।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया

जानकारी के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हॉस्टल परिसर के ब्लॉक नंबर-5 के पास उनका शव मिला। सूचना मिलते ही संयोगितागंज पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं की जांच

इंदौर पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या और हादसे दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि डॉ. अमन पटेल शांत, होनहार और समर्पित छात्र थे। उनके निधन से कॉलेज और चिकित्सा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों से भी बात की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com